1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. अमेरिका के खिलाफ कनाडा ने उठा लिया बड़ा कदम, US के 700 से ज्यादा सामानों पर टैरिफ का ऐलान

अमेरिका के खिलाफ कनाडा ने उठा लिया बड़ा कदम, US के 700 से ज्यादा सामानों पर टैरिफ का ऐलान

 Written By: Subhash Kumar
 Published : Aug 25, 2026 09:19 pm IST,  Updated : Aug 25, 2026 09:49 pm IST

अमेरिका और उसके पड़ोसी देश कनाडा के बीच व्यापारिक तनाव काफी बढ़ गया है। अब कनाडा ने अमेरिका के खिलाफ बड़े स्तर पर जवाबी टैरिफ का ऐलान किया है।

canada usa tariff war- India TV Hindi
कनाडा-अमेरिका के बीच टैरिफ युद्ध शुरू। Image Source : AP/PTI

अमेरिका और कनाडा के बीच व्यापार युद्ध यानी ट्रेड वॉर का माहौल बन चुका है। AP की रिपोर्ट के मुताबिक, कनाडा ने मंगलवार को ऐलान किया है कि वह अमेरिका के 700 से अधिक प्रोडक्ट्स पर जवाबी टैरिफ लगाएगा। इनमें स्टील और घरेलू उपकरण भी शामिल है। आपको बता दें कि इससे पहले शनिवार को अमेरिका ने कनाडा के करीब दो करोड़ अमेरिकी डॉलर मूल्य के उत्पादों पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाने का ऐलान किया था।

अमेरिका-कनाडा के बीच व्यापार वार्ता विफल

आपको बता दें कि बीते शुक्रवार को अमेरिका और कनाडा के बीच वाशिंगटन में व्यापार वार्ता की आखिरी कोशिश हुई थी जो कि विफल रही थी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कनाडाई नेताओं से यह कहकर विवाद को बढ़ा दिया कि उन्हें अमेरिका की नीति के अनुरूप चलना होगा और चेतावनी दी कि ऐसा नहीं करने पर उन्हें पहले से लगाए गए टैरिफ से भी कहीं अधिक गंभीर नतीजे भुगतने पड़ सकते हैं। साथ ही, उन्होंने कनाडा से आयात होने वाले वाहनों, वाहन कलपुर्जों और इस्पात पर 50 प्रतिशत का नया शुल्क लगाने की चेतावनी दी थी। बता दें कि मंगलवार को ट्रंप ने कनाडा बॉर्डर से लगी 'लेक ओंटारियो' का नाम बदलने की भी धमकी दी है।

US कनाडा को अपने अधीन करना चाहता है- PM कार्नी

अमेरिका से व्यापार वार्ता विफल रहने के बाद कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कहा था कि अमेरिका कनाडा को अपने अधीन करने की कोशिश कर रहा है। कार्नी ने कहा था कि अमेरिका ने व्यापार से संबंधित जो मांग सामने रखी थीं, उससे कनाडा का ये शक सही साबित हुआ है कि अमेरिका उसके प्रमुख उद्योगों को कमजोर कर के उन्हें खत्म करना चाहता है। कार्नी ने कहा था- "बातचीत के टेबल पर कनाडा को अमेरिका के अधीन समझने का रवैया हम मंजूर नहीं करेंगे।"

हमें कनाडा की जरूरत नहीं- डोनाल्ड ट्रंप 

इससे पहले सोमवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर एक पोस्ट में कहा था- "कनाडा सालों से अमेरिका को ठग रहा है। हमारे किसानों और खेती से जुड़े उत्पादों पर उनके बहुत ज्यादा टैरिफ ने महान अमेरिकी देशभक्तों का जीना मुश्किल कर दिया है और लंबे समय से हमारे दोनों देशों के बीच 60 अरब डॉलर का घाटा पैदा किया है। यह अब और नहीं चलेगा। 1 जनवरी, 2027 से सभी कारों, ट्रकों (चाहे छोटे हों या बड़े), ऑटोमोटिव पार्ट्स और स्टील पर टैरिफ बढ़ाकर 50% कर दिया जाएगा। अगर आप अमेरिका में सामान बनाते हैं, तो कोई टैरिफ नहीं लगेगा। कनाडा के साथ अब किसी राज्य जैसा बर्ताव नहीं किया जाएगा! व्यापार और अन्य मामलों में भी, उनके साथ काम करना दुनिया के सबसे मुश्किल कामों में से एक है। उन्हें लगता है कि वे खास हकदार हैं, लेकिन सच तो यह है कि हमें कनाडा की जरूरत नहीं है, उन्हें हमारी जरूरत है। वे अपना 95% व्यापार अमेरिका के साथ करते हैं, जबकि हमारे मामले में स्थिति बिल्कुल उलट है।"

ये भी पढ़ें- ट्रंप ने कनाडा के खिलाफ लिया एक्शन, 50 प्रतिशत टैरिफ लगाने का किया ऐलान

अमेरिका की ईंट का जवाब पत्थर से देगा कनाडा, टैरिफ पर होगी ‘डॉलर के बदले डॉलर’ की जंग

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश