पंजाब के फरीदकोट के गांव संधवां में एक शादी समारोह के दौरान उस वक्त हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब आनंद कारज की रस्मों के बीच पुलिस ने लड़की के धर्म पिता को कथित तौर पर हिरासत में ले लिया। पुलिस की कार्रवाई का परिवार के सदस्यों ने विरोध किया। इसके बाद मौके पर जमकर हंगामा और धक्का-मुक्की हुई। पुलिस टीम शादी समारोह के दौरान सिविल कपड़ों में मौके पर पहुंची और लड़की के धर्म पिता गरीब सिंह उर्फ राजू को अपने साथ ले गई।
गिरफ्तारी के दौरान परिवार के लोगों और पुलिसकर्मियों के बीच हाथापाई की स्थिति बन गई। विरोध में एक व्यक्ति पुलिस की गाड़ी के आगे लेट गया। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उसे कथित तौर पर घसीटकर रास्ते से हटाया और गरीब सिंह को अपने साथ ले गए। इस दौरान एक पुलिसकर्मी के हाथ में पिस्तौल भी दिखाई दी।
परिवार ने लगाए जबरन उठाने के आरोप
लड़की के भाई के मुताबिक, उसकी बहन की शादी थी और आनंद कारज की रस्में चल रही थीं। इसी दौरान कुछ लोग, जिन्होंने खुद को गिद्दड़बाहा पुलिस का कर्मचारी बताया और सिविल कपड़ों में थे। उनके धर्म पिता को ट्रांसफार्मर और मोटर चोरी के मामले में शामिल बताते हुए जबरन उठाकर ले गए।
परिवार का आरोप है कि गरीब सिंह को यूपी नंबर की गाड़ी में बैठाकर ले जाया गया। लड़की के भाई ने कहा कि पहले उनके धर्म पिता का नाम चोरी के एक मामले में आया था, लेकिन उन्होंने अब ऐसे सभी काम छोड़ दिए हैं। परिवार का आरोप है कि पुलिस उन्हें किसी दूसरे मामले में फंसाने की कोशिश कर रही है।
चोरी के मामले में आरोपी है गरीब सिंह
वहीं, इस पूरे मामले पर थाना गिद्दड़बाहा के एसएचओ परविंदर सिंह ने बताया कि गरीब सिंह उर्फ राजू के खिलाफ ट्रांसफार्मर और मोटर चोरी के मामले में एफआईआर दर्ज है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी कथित तौर पर एक गिरोह के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। इस मामले में गिरोह के पांच सदस्यों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
एसएचओ ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि गरीब सिंह गांव संधवां में एक शादी समारोह में शामिल होने आया है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार किया। टीम में कुछ पुलिसकर्मी वर्दी में थे, जबकि कुछ सिविल कपड़ों में थे।
पुलिस ने मारपीट के आरोपों से किया इनकार
एसएचओ परविंदर सिंह ने यह भी स्पष्ट किया कि गिरफ्तार किया गया व्यक्ति लड़की का असली पिता नहीं, बल्कि उसका धर्म पिता है। उन्होंने परिवार की ओर से लगाए गए मारपीट के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पुलिस ने किसी के साथ मारपीट नहीं की। उनके मुताबिक, गिरफ्तारी के दौरान परिवार के कुछ सदस्यों ने पुलिस के साथ हाथापाई की।
पुलिस के अनुसार, गरीब सिंह की गिरफ्तारी की कार्रवाई कोटकपूरा थाने में दर्ज की जा चुकी है। मामले में पुलिस और परिवार के दावों के बीच अब वीडियो सामने आने के बाद कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
जगतार सिंह की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें: