1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. तिहरा हत्याकांड: युवक ने घर में घुस चाची और उसके बेटे को मारी गोली, बचपन के दोस्त ने समझाया तो उसको मारा; बाद में खुद पर भी चला ली गोली

तिहरा हत्याकांड: युवक ने घर में घुस चाची और उसके बेटे को मारी गोली, बचपन के दोस्त ने समझाया तो उसको मारा; बाद में खुद पर भी चला ली गोली

 Edited By: Vinay Trivedi
 Published : Jun 24, 2026 12:54 pm IST,  Updated : Jun 24, 2026 01:04 pm IST

जमीनी विवाद के चलते गुरदासपुर के गांव मुंडी कराल के एक युवक ने पहले तीन कत्ल किए और फिर अपनी जीवनलीला भी खत्म कर ली। युवक ने अपनी चाची, चचेरे भाई और बचपन के दोस्त को मौत के घाट पर उतार दिया।

Gurdaspur triple murder- India TV Hindi
गुरदासपुर में युवक ने तिहरे हत्याकांड को अंजाम दिया है। Image Source : REPORTERS INPUT

गुरदासपुर: पंजाब में गुरदासपुर के गांव मुंडी कराल में जमीनी विवाद ट्रिपल मर्डर तक पहुंच गया। इतना नहीं आरोपी ने खुद को गोली मारकर अपनी जिंदगी भी खत्म कर ली। एक युवक ने कथित रूप से पहले अपनी चाची और नाबालिग चचेरे भाई पर फायरिंग कर उन दोनों जान ले ली, फिर समझाने का प्रयास कर रहे अपने बचपन के दोस्त को भी गोली मार दी। इस ट्रिपल मर्डर के बाद आरोपी अपने घर पहुंचा और खुद को भी गोली मार ली। गुरदासपुर की इस सनसनीखेज वारदात में कुल 4 लोगों की जान चली गई, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है।

सगी चाची और चचेरे भाई को उतारा मौत के घाट

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आरोपी का अपने सगे चाचा की फैमिली के साथ लंबे वक्त से जमीन को लेकर विवाद जारी था। इसी के चलते वह कथित रूप से अपने चाचा के घर में दाखिल हुआ और वहां मौजूद अपनी चाची व नाबालिग चचेरे भाई पर गोलियां बरसा दीं। इस घटना में चाची और उसके नाबालिग बेटे की मौके पर ही मौत हो गई।

समझाने आए दोस्त की भी ले ली जान

बताया जा रहा है कि इस हत्याकांड के बाद जब आरोपी अपनी चाची के घर से निकल रहा था, तभी रास्ते में उसके बचपन का दोस्त मिल गया। उसने आरोपी को शांत करने और समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने उसको भी गोली मार दी। इससे उसके दोस्त की भी मौत हो गई।

किचन में जाकर खुद को भी मार ली गोली

तीन लोगों को जान से मारने के बाद आरोपी अपने घर पहुंचा और किचन में जाकर खुद को भी गोली मार ली। इस घटना में गंभीर तौर पर घायल होने के बाद उसकी भी जान चली गई। वारदात की सूचना मिलते ही गुरदासपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर पड़ताल शुरू कर दी। इस घटना में हरदीप कौर, नाबालिग हरअमृत सिंह, मनजोत सिंह और परगट सिंह की मौत हुई है।

इन पहलुओं की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अफसरों के मुताबिक, पोस्टमार्टम के लिए सभी शवों को बटाला सिविल अस्पताल भेजा गया है। इस केस की जांच गुरदासपुर पुलिस, DSP सिटी की निगरानी में कर रही है। पुलिस अब यह मालूम करने में जुटी हुई है कि घटना में इस्तेमाल किया गया हथियार लाइसेंसी था या अवैध। इसके अलावा, आरोपी की मंशा, जमीनी विवाद का असली कारण और क्या वह किसी और को भी टारगेट बनाना चाहता था, जैसे पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। गुरदासपुर पुलिस के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद पूरे केस का सच सामने आ जाएगा।

(इनपुट- Rashpal Singh)

ये भी पढ़ें- चेतन से प्यार और केतन से सगाई, सिया ने मंगेतर की कैसे हत्या की, CCTV से साजिश का यूं हुआ खुलासा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।