1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. 'बीजेपी फ्रीडम ऑफ प्रेस के खिलाफ AAP की मनमानी नहीं चलने देगी', जालंधर में बोले पीएम मोदी

'बीजेपी फ्रीडम ऑफ प्रेस के खिलाफ AAP की मनमानी नहीं चलने देगी', जालंधर में बोले पीएम मोदी

 Published : May 24, 2024 07:00 pm IST,  Updated : May 24, 2024 07:11 pm IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "आज देश भी समझ रहा है कि जब तक कांग्रेस है तब तक समस्याएं हैं। जहां कांग्रेस है वहां समस्याएं हैं और जहां भाजपा है वहां समाधान है।

पंजाब में पीएम मोदी रैली को संबोधित करते हुए- India TV Hindi
पंजाब में पीएम मोदी रैली को संबोधित करते हुए Image Source : PTI

जालंधरः पंजाब के जालंधर में बीजेपी उम्मीदवारों के पक्ष में रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा कि "झाड़ू पार्टी ने कांग्रेस से आपातकाल का पाठ भी अच्छे से सीख लिया है। यह कांग्रेस की फोटो कॉपी पार्टी है, जो मीडिया हाउस इनकी धमकी के आगे झुक नहीं रहा उसपर मुकदमें करा रहे हैं, यही इनकी असलियत हैं। मैं अपने प्रदेश अध्यक्ष का अभिनंदन करता हूं उन्होंने बीड़ा उठाया है कि भाजपा 'फ्रीडम ऑफ प्रेस' के खिलाफ झाड़ू वालों की बेईमानी नहीं चलने देगी।

पीएम मोदी ने आप सरकार पर साधा निशाना

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पंजाब देश का सीमावर्ती राज्य है हमें इसे दोबारा से संकट में नहीं जाने देना है। कांग्रेस ने दशकों तक यहां जो पाप किए थे, अब झाड़ू पार्टी कांग्रेस की उसी विष बेल को खाद, पानी दे रही है। इन्होंने कहा था कि ये 2 महीने में नशे के कारोबार को बंद करेंगे लेकिन आज पंजाब में ड्रग्स डीलर्स को पंजाब में फ्री लाइसेंस मिला है। पंजाब के लोग भी समझ गए हैं कि झाड़ू पार्टी वाले नशे के थोक व्यापारी हैं, जिन्होंने इतना बड़ा शराब घोटाला किया हो वे पंजाब की काली कमाई में डुबकी कैसे नहीं लगाएंगे? 

पीएम मोदी ने लगाया यह आरोप

पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पंजाब के भविष्य को दांव पर लगा रही हैं। ड्रग्स हमारे युवाओं का भविष्य निगल रहा है, अपराधियों को राज्य सरकार से संरक्षण मिल रहा है। आज पंजाब में विकास ठप्प है, किसान परेशान हैं। और ये इंडी गठबंधन वाले अपनी ज़िम्मेदारी से पल्ला झाड़ रहे हैं।

पीएम मोदी ने किया ये दावा

पीएम मोदी ने कहा कि देश में 5 चरणों का चुनाव हो चुका है, कल छठे चरण का चुनाव होने वाला है। जो लोग कल तक भाजपा के खिलाफ गुब्बारा फुला रहे थे उनका गुब्बारा भी फूट चुका है। अब कांग्रेस और INDI गठबंधन को कोई वोट नहीं देना चाहता।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।