लुधियाना के जगराओं के कच्चा मलक रोड पर स्थित ‘न्यू कंडा ज्वेलर्स’ नामक एक ज्वैलरी शॉप पर 3 हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में लूट की वारदात को अंजाम दे डाला। घटना गुरुवार रात करीब 8 बजे के आसपास की है। जिस समय यह वारदात हुई उस समय दुकानदार अशोक कुमार अपनी दुकान में आए एक ग्राहक को गहने दिखा रहे थे। तभी अचानक पिस्टल और तलवारों से लैस बदमाश दुकान में घुस आए और सभी को बंधक बना लिया।
खून से लथपथ फर्श पर गिर पड़ा ग्राहक
विरोध करने पर बदमाशों ने दुकान में बैठे ग्राहक पर तलवार से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ फर्श पर गिर पड़ा। इसके बाद एक बदमाश काउंटर के अंदर घुस गया और सोने-चांदी के गहनों के दो बॉक्स, सोने की चेनें, कीमती जेवरात और नकदी लूट ली।
सामने आया CCTV फुटेज
महज़ डेढ़ से दो मिनट में पूरी वारदात को अंजाम देकर आरोपी मोटरसाइकिल पर फरार हो गए। घटना दुकान में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है।
घायल ग्राहक की हालत गंभीर
घायल ग्राहक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और आसपास के CCTV फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस का दावा है कि बदमाशों के सुराग मिल गए हैं और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। वारदात के बाद इलाके के व्यापारियों और सुनारों में भारी डर व रोष का माहौल है।
(रिपोर्ट- तुषार भारती)
यह भी पढ़ें-