लुधियानाः पंजाब के लुधियाना में लुटेरों और बदमाशों ने आम आदमी की नाक में दम कर रखा है और हर रोज़ लुधियाना शहर में कहीं न कहीं एक लूट की वारदात को अंजाम दिया जा रहा है। मगर लुधियाना पुलिस इन लुटेरों के हौंसले के आगे बेबस व लाचार दिखाई देती हुई नजर आ रही है। बुधवार देर रात लुधियाना के स्टार रोड स्थित वर्मा बर्तन स्टोर के सामने तीन बाइक सवार बदमाशों ने 44 वर्षीय परवीन कुमार नामक व्यक्ति को घेरकर उसके साथ मारपीट की और उसकी नई एक्टिवा लूटकर फरार हो गए।
मारपीट कर वारदात को दिया अंजाम
पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में दिखाई देता है कि परवीन कुमार अपनी एक्टिवा रोककर सड़क किनारे खड़े थे, तभी एक बाइक पर सवार तीन युवक उनके पास पहुंचे। बाइक रुकते ही दो बदमाश नीचे उतरकर उन पर हमला कर देते हैं और तीनों उनके साथ हाथापाई करने लगते हैं। धक्का-मुक्की के दौरान परवीन कुमार और उनकी एक्टिवा दोनों सड़क पर गिर जाते हैं।
वीडियो में बदमाश गाली-गलौज करते हुए सुनाई देते हैं। इसके बाद एक आरोपी परवीन कुमार को डराकर सड़क के अंधेरे हिस्से की ओर भगा देता है, जबकि दूसरा आरोपी गिरी हुई एक्टिवा उठाकर स्टार्ट करता है और मौके से फरार हो जाता है। पीड़ित के अनुसार, स्कूटर में उनके कई जरूरी दस्तावेज भी रखे हुए थे।
यहां देखें वीडियो
तीन बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज
घटना के बाद परवीन कुमार की शिकायत पर तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर नंबर 153 भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 304(2) और 3(5) के तहत दर्ज की गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीनों आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है।
महिला से चेन स्नैचिंग की कोशिश
इससे पहले लुधियाना में सोमवार शाम के वक्त एक महिला से चेन स्नैचिंग की कोशिश हुई। महिला बेटी के साथ लुधियाना के दशमेश नगर इलाके की एक दुकान पर दवा लेने गई थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने उसे घेरकर गले से चेन झपटने का प्रयास किया। महिला ने हिम्मत दिखाते हुए विरोध किया और शोर मचा दिया, जिससे दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। महिला की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने भाग रहे एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि उसका साथी बाइक लेकर फरार हो गया। गुस्साए लोगों ने पकड़े गए आरोपी की पिटाई कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने झपटमारी की बात स्वीकार करते हुए अपनी चार बेटियों का हवाला देकर लोगों से माफी मांगी और छोड़ने की गुहार लगाई। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। फुटेज में दोनों आरोपी पहले गली में खड़े होकर अकेले गुजरने वाली महिलाओं की रेकी करते और मौका मिलते ही महिला को निशाना बनाते दिखाई दे रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर-6 की पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। इससे पहले अभी हाल में ही मुक्तसर में भीड़ ने मोबाइल छीनने के आरोप में दो लोगों की जमकर पिटाई कर दी थी।
रिपोर्ट- तुषार भारती, लुधियाना
ये भी पढ़ेंः DIG ने थाने में मारा छापा, ड्यूटी छोड़ शराब के नशे में सोता मिला SHO; देखें वीडियो
हथियार तस्करों के गिरोह का भंडाफोड, तीन गिरफ्तार, ग्रेनेड और राइफ़लें बरामद