1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. मोबाइल छीनने पर भीड़ ने दी तालीबानी सजा, दो लोगों को अर्धनग्न करके घुमाया, रस्सी से बांधकर घसीटा

मोबाइल छीनने पर भीड़ ने दी तालीबानी सजा, दो लोगों को अर्धनग्न करके घुमाया, रस्सी से बांधकर घसीटा

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Jun 07, 2026 08:51 pm IST,  Updated : Jun 07, 2026 08:51 pm IST

पंजाब के मुक्तसर में भीड़ ने मोबाइल छीनने के दो आरोपियों को पकड़ लिया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने दोनों को पीटा, अर्धनग्न करके घुमाया और फिर रस्सी से बांधकर घसीटा। फिलहाल पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है और घटना की जांच की जा रही है।

भीड़ ने आरोपियों को पकड़कर पीटा।- India TV Hindi
भीड़ ने आरोपियों को पकड़कर पीटा। Image Source : INDIA TV

चंडीगढ़: पंजाब में मुक्तसर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां झरोड़ गांव में लोगों के एक गुट ने दो लोगों को अर्धनग्न करके घुमाया। इतना ही नहीं उन्हें रस्सी से बांधकर खेत में घसीटा भी गया। बताया जा रहा है कि मोबाइल फोन छीनने के आरोप में दोनों को स्थानीय लोगों के द्वारा यह सजा दी गई। वहीं पुलिस का कहना है कि दोनों व्यक्ति नशे के आदी हैं। जानकारी के मुताबिक उन्होंने एक प्रवासी मजदूर से कथित तौर पर मोबाइल फोन छीना था। इसके बाद शनिवार को कुछ ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ लिया और फिर उनकी पिटाई कर दी, जिसके बाद यह घटना सामने आई है।

रस्सी से बांधकर घसीटा

वहीं दोनों व्यक्तियों के साथ की गई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल घटना के कथित वीडियो में कुछ लोग दोनों व्यक्तियों के पैर ऊपर उठाकर उन्हें घसीटते हुए दिखाई दे रहे हैं। इनमें से एक व्यक्ति की मां ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि उनके बेटे ने क्या किया था, लेकिन उसे बेरहमी से पीटा गया। उन्होंने कहा कि यदि उन्होंने कुछ गलत किया था तो उन्हें पुलिस के हवाले किया जाना चाहिए था। 

पुलिस ने कराया दोनों का मेडिकल

वहीं इस पूरी घटना को लेकर मलोट के पुलिस उपाधीक्षक जसपाल सिंह ने कहा कि वीडियो के जरिये घटना की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि इनमें से एक व्यक्ति के खिलाफ पहले 200 नशीली गोलियों से जुड़े एक मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। वहीं पुलिस उपाधीक्षक ने कहा कि दोनों की मेडिकल जांच कराई गई है। दोनों के शरीर पर किसी कुंद वस्तु से चोट के निशान मिले हैं। 

फोन छीनने के आरोप में केस दर्ज

पुलिस का कहना है कि उनकी मेडिकल रिपोर्ट और बयान के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बताया कि मोबाइल फोन छीनने के आरोप में दोनों व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वहीं घटना के बाद पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग ने भी मामले का स्वत: संज्ञान लिया है। इस संबंध में मुक्तसर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से 8 जून तक रिपोर्ट देने को कहा गया है।

यह भी पढ़ें-

बस तो चुरा ली लेकिन संभाल नहीं पाया, कई मकानों में टक्कर मारने के बाद छोड़कर फरार हो गया चोर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।