1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. iPhone 17 लूटने आए बदमाशों से भिड़ गया फैक्ट्री मालिक, बोतल से किया मुकाबला; CCTV में कैद वारदात

iPhone 17 लूटने आए बदमाशों से भिड़ गया फैक्ट्री मालिक, बोतल से किया मुकाबला; CCTV में कैद वारदात

 Written By: Niraj Kumar
 Published : Oct 25, 2026 12:54 pm IST,  Updated : Oct 25, 2026 01:10 pm IST

लुधियाना में एक फैक्ट्री मालिक से लूट का मामला सामने आया है। घटना 19 अक्टूबर को नूरवाला रोड के काकोवाल इलाके में हुई, जहां बाइक सवार तीन बदमाशों ने 54 वर्षीय संजीव कुमार को निशाना बनाया।

Ludhiayana Loot- India TV Hindi
लुधियाना में फैक्ट्री मालिक को लूटा Image Source : REPORTER INPUT

लुधियाना: पंजाब के लुधियाना में बदमाशों ने एक फैक्ट्री मालिक से उसकी फैक्ट्री के बाहर गेट पर ही मारपीट की और iPhone 17 समेत दो फोन लूटकर फरार हो गए। यह वारदात थाना बस्ती जोधेवाल के अंतर्गत नूरवाला रोड स्थित काकोवाल इलाके में हुई। यहां चना-मूंगफली पैकिंग फैक्ट्री के 54 वर्षीय मालिक संजीव कुमार पर तीन युवकों ने हमला कर दिया। तीनों एक स्प्लेंडर बाइक पर सवार होकर आए थे। आरोपियों ने फैक्ट्री मालिक से iPhone 17 और सैमसंग एंड्रॉयड मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए। हालांकि इस दौरान पीड़ित ने खुद को बचाने के लिए चाय की बोतल से बदमाशों का मुकाबला किया और उन्हें पकड़ने के लिए पीछा भी किया, लेकिन इस दौरान वह जमीन पर गिर पड़े। पूरी वारदात CCTV कैमरों में कैद हो गई है।

फैक्ट्री पहुंचते ही कारोबारी पर हमला

जानकारी के मुताबिक यह घटना 19 अक्टूबर की है। सोमवार सुबह संजीव कुमार की फैक्ट्री में माल पहुंचा था। वह अपनी क्रेटा कार से माल उतरवाने के लिए सुबह-सुबह फैक्ट्री पहुंचे थे। कार पार्क करने के बाद जैसे ही वह फैक्ट्री के अंदर जाने लगे, तभी स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंच गए।  तीनों बदमाशों ने संजीव कुमार के साथ मारपीट शुरू कर दी और उनके पास मौजूद दो मोबाइल फोन छीन लिए। अचानक हुए हमले से कारोबारी को संभलने का मौका नहीं मिला। इसके बाद आरोपी मोबाइल लेकर मौके से भागने लगे।

बोतल लेकर बदमाशों से भिड़े संजीव कुमार

हमले के दौरान संजीव कुमार ने काफी हिम्मत दिखाई और वे चाय की बोतल से बदमाशों का मुकाबला करने की कोशिश करने लगे। उन्होंने आरोपियों को रोकने और पकड़ने के लिए उनका पीछा भी किया, लेकिन इस कोशिश के दौरान वह जमीन पर गिर पड़े। इसके बावजूद बदमाश दोनों मोबाइल फोन लेकर बाइक से फरार होने में कामयाब रहे।

जानकारी के मुताबिक, वारदात के दौरान आरोपियों में से एक युवक ‘धूम लका लका धूम लका लका’ गाना गुनगुना रहा था। इस घटना में संजीव कुमार का iPhone 17 और सैमसंग एंड्रॉयड मोबाइल फोन लूट लिया गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि बदमाश उनके पास मौजूद कैश नहीं छीन सके। 

शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप

पीड़ित के मुताबिक उन्होंने घटना के तुरंत बाद थाना बस्ती जोधेवाल में शिकायत दी। फ़िलहाल पीड़ित द्वारा यह भी आरोप लगाया गया है कि लिखित शिकायत देने के बावजूद भी पुलिस की तरफ़ से अभी भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है और पुलिस ने इस मामले में अपना ढुलमुल रवैया अपना रखा है। हालांकि पुलिस इस मामले में मीडिया के कैमरे के सामने आकर कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। ( रिपोर्ट-तुषार भारती, लुधियाना)

ये भी पढ़ें:

पंजाब में स्कूटी खड़ा करने को लेकर हुआ विवाद, घर के बाहर युवक की 6 गोली मारकर हत्या

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।