पंजाब में लगातार बाढ़ से हालात खराब हो रहे है। हालांकि, प्रशासन द्वारा लगातार राहत कार्य जारी है। वहीं, चिट्टी बेई में पानी काफी भरा हुआ है। एक ओर प्रशासन द्वारा बाढ़ के हालातों पर काबू पाने में जुटी हुई है। दूसरी ओर चिट्टी बेई में व्यक्ति ने छलांग लगाकर खुदकुशी कर ली है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही देहात पुलिस शाहकोट के डीएसपी ओंकार सिंह बराड़ पुलिस टीम, गोताखोर और एनडीआरएफ टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। जहां तीनों टीमों द्वारा व्यक्ति की तालाश की जा रही है।
मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी ओंकार सिंह बराड़ ने बताया कि आज उनकी टीम को सूचना मिली थी कि 32 वर्षीय गुरप्रीत सिंह पुत्र जगजीत सिंह निवासी लोहियां ने चिट्टी बेई में छलांग लगा दी। घटना के दौरान मोटरसाईकिल मौके से बरामद कर लिया गया है। गुरप्रीत की टीमों द्वारा लगातार तालाश जारी है।
15 दिन पहले दुबई से लौटा था गुरप्रीत
पुलिस अधिकारी ने बताया कि गुरप्रीत 15 दिन पहले ही दुबई से लौटा था। परिवार में उसके एक बच्चा और पत्नी शामिल है। गुरप्रीत के शव की तालाश के लगातार प्रयास जारी है और घटना के बारे में परिवार से बातचीत की जा रही है। लेकिन अभी तक यह सामने नहीं आया है कि गुरप्रीत ने किस वजह से चिट्टी बेई में छलांग लगाकर खुदकुशी की है। उन्होंने कहाकि शव को बरामद करने के बाद परिवार के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लुधियाना के 14 गांव में अलर्ट जारी
लुधियाना जिला प्रशासन ने सतलुज नदी के तेज बहाव के कारण जिले के पूर्वी हिस्से में एक तटबंध पर भारी दबाव पड़ने के बाद अलर्ट जारी कर दिया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को कहा कि अगर ‘बंध’ (तटबंध) और कमजोर होता है और टूटता है तो ससराली, बूंट, रावत, हवास, सीरा, बूथगढ़, मंगली टांडा, ढेरी, ख्वाजके, खासी खुर्द, मंगली कादर, मत्तेवाड़ा, मंगत और मेहरबान सहित कई गांवों को बाढ़ का सामना करना पड़ सकता है। निवासियों को सतर्क रहने और जहां तक संभव हो ऊपरी मंजिलों पर चले जाने तथा यदि वे निचले या एक मंजिला मकानों में रहते हैं तो अस्थायी रूप से सुरक्षित आश्रयों में चले जाने की सलाह दी गई है।
बाढ़ से 43 मौतें
प्रशासन ने लोगों से आग्रह किया है कि वे महत्वपूर्ण दस्तावेजों को वाटरप्रूफ बैग में सुरक्षित रखें तथा यह सुनिश्चित करें कि बुजुर्गों, बच्चों और बीमारों को पहले सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जाए। पंजाब भीषण बाढ़ से जूझ रहा है। राज्य में बाढ़ से मरने वालों की संख्या बृहस्पतिवार को 43 हो गयी, जबकि 1.71 लाख हेक्टेयर में लगी फसलें बर्बाद हो गई हैं।
(जालंधर से परमजीत सिंह रंगपुरी की रिपोर्ट)