1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. 114 वर्षीय मैराथन रनर फौजा सिंह की मौत, जालंधर में सड़क दुर्घटना में गई जान, पीएम मोदी ने जताया दुख

114 वर्षीय मैराथन रनर फौजा सिंह की मौत, जालंधर में सड़क दुर्घटना में गई जान, पीएम मोदी ने जताया दुख

 Published : Jul 15, 2025 06:23 am IST,  Updated : Jul 15, 2025 11:52 am IST

114 वर्षीय मैराथन रनर फौजा सिंह की मौत हो गई है। पंजाब के जालंधर में एक सड़क दुर्घटना में उनकी जान चली गई है। उन्हें अस्पताल ले जाया गया लेकिन जान नहीं बचाई जा सकी।

fauja singh death punjab jalandhar- India TV Hindi
मैराथन रनर फौजा सिंह की मौत। Image Source : X

भारत के जाने-माने धावक और 114 वर्षीय मैराथन रनर फौजा सिंह की जालंधर में सड़क हादसे में मौत हो गई है। लेखक खुशवंत सिंह की ओर से इस बात की पुष्टि की गई है। जानकारी के मुताबिक, फौजा सिंह टहल रहे थे, इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद फौजा सिंह को जालंधर के एक प्राइवेट हॉस्पिटल ले जाया गया। हालांकि, गंभीर रूप से घायल होने के कारण यहां उनकी मौत हो गई।

कौन थे फौजा सिंह?

फौजा सिंह टर्बन्ड टोर्नाडो के नाम से प्रसिद्ध थे। उन्होंने 100 मीटर से लेकर 5,000 मीटर तक की दौड़ में कई विश्व रिकॉर्ड बनाए और तोड़े हैं। उन्होंने लंदन, ग्‍लासगो, टोरंटो, हांगकांग में कई मैराथन दौड़ में भाग लिया है। 1 अप्रैल, 1911 को जालंधर में जन्म लेने वाले फौजा सिंह ने 89 साल की आयु में मैराथन करना शुरू किया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अपने बेटे के निधन के दुख से उबरने के लिए उन्होंने दौड़ना शुरू किया था।

कब और कैसे हुआ हादसा?

खुशवंत सिंह ने इस घटना के बारे में जानकारी देते हुए लिखा- "मेरा ‘टर्बन्ड टॉरनेडो’ अब नहीं रहा। मैं अत्यंत दुख के साथ फौजा सिंह के निधन की सूचना दे रहा हूं। अज्ञात वाहन ने आज अपराह्न लगभग साढ़े तीन बजे उन्हें उस समय टक्कर मार दी जब वह उनके गांव बियास में सड़क पार कर रहे थे। मेरे प्यारे फौजा, आपकी आत्मा को शांति मिले।"

PM मोदी ने भी शोक जताया

धावक फौजा सिंह के निधन पर पीएम मोदी ने भी दुख जताया है। उन्होंने लिखा- "फ़ौजा सिंह जी अपने अद्वितीय व्यक्तित्व और फिटनेस जैसे महत्वपूर्ण विषय पर भारत के युवाओं को प्रेरित करने के अपने तरीके के कारण असाधारण थे। वे अद्भुत दृढ़ संकल्प वाले एक असाधारण एथलीट थे। उनके निधन से बहुत दुःख हुआ। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और दुनिया भर में उनके अनगिनत प्रशंसकों के साथ हैं।"

राज्यपाल ने जताया शोक

पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने लिखा- "महान मैराथन धावक और दृढ़ता के प्रतीक सरदार फौजा सिंह जी के निधन से अत्यंत दुःखी हूं। 114 वर्ष की उम्र में, वे अद्वितीय उत्साह के साथ 'नशा मुक्त - रंगला पंजाब' मार्च में मेरे साथ शामिल हुए थे। उनकी विरासत नशा मुक्त पंजाब के लिए प्रेरणा बनी रहेगी। ॐ शांति ॐ।"

कैप्टन अमरिंदर सिंह ने किया ट्वीट

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भी मैराथन धावक फौजा सिंह के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने लिखा- "महान मैराथन धावक फौजा सिंह जी के 114 वर्ष की आयु में एक दुखद सड़क दुर्घटना में निधन की खबर सुनकर गहरा दुख हुआ। उनका असाधारण जीवन और अटूट साहस पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।" (इनपुट: भाषा)

ये भी पढ़ें- अमृतसर के गोल्डन टेंपल को RDX से उड़ाने की धमकी, ई-मेल मिलते ही मची सनसनी

पंजाब: धार्मिक ग्रंथों की बेअदबी करने वालों की खैर नहीं, कैबिनेट ने बनाया उम्रकैद दिलाने वाला कानून

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।