1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. लव मैरिज का खौफनाक अंत! पटियाला में फौजी ने पत्नी को कार में बैठाया, फिर भाखड़ा नहर में गिरा दी गाड़ी

लव मैरिज का खौफनाक अंत! पटियाला में फौजी ने पत्नी को कार में बैठाया, फिर भाखड़ा नहर में गिरा दी गाड़ी

 Published : Jun 25, 2026 12:22 pm IST,  Updated : Jun 25, 2026 12:26 pm IST

पटियाला में फौजी हैप्पी सिंह ने अपनी पत्नी को कार समेत भाखड़ा नहर में गिरा दिया। खुद फौजी होने के कारण पति तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आया, जबकि पत्नी की डूबने से मौत हो गई। दोनों ने साल 2024 में लव मैरिज की थी।

मृतका रमनदीप कौर।- India TV Hindi
मृतका रमनदीप कौर। Image Source : REPORTER INPUT

पंजाब के पटियाला से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक प्रेम विवाह का अंत मौत के साथ हुआ। आरोप है कि भारतीय सेना के जवान हैप्पी सिंह ने अपनी पत्नी रमनदीप कौर को कार समेत भाखड़ा नहर में गिराकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी हैप्पी सिंह मानसा जिले के बाजेवाला गांव का रहने वाला है और अभी असम में तैनात है। 

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, घटना 23 जून की है। हैप्पी सिंह अपनी पत्नी को कार में बैठाकर पटियाला-संगरूर रोड पर स्थित पसियाना पुल के पास ले गया। पुलिस का आरोप है कि उसने जानबूझकर कार को भाखड़ा नहर में गिरा दिया। कार तेज बहाव में डूब गई। हैप्पी सिंह किसी तरह तैरकर बाहर निकल आया, लेकिन 30 वर्षीय रमनदीप कौर कार के अंदर ही फंस गई और डूबने से उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद कार को नहर से बाहर निकाला गया और रमनदीप कौर का शव बरामद किया गया।

पुलिस को सुनाई मनगढ़ंत कहानी

आरोपी ने पुलिस को बताया कि मानसा से पटियाला जाते समय कार में उसकी और उसकी पत्नी रमनदीप कौर की दुर्घटना हो गई। उसने बताया कि कार अचानक बेकाबू हो गई और भाखड़ा नहर में गिर गई। वह कार का दरवाज़ा खोलकर बाहर निकलने में कामयाब रहा, जबकि उसकी पत्नी कार के अंदर ही फंसी रह गई और पानी के साथ बह गई।

हत्या के बाद सड़क दुर्घटना दिखाने की कोशिश

हालांकि, जांच के दौरान पुलिस को मामला संदिग्ध लगा। पुलिस का मानना ​​है कि आरोपी ने अपनी पत्नी की हत्या की सोची-समझी साजिश के तहत इस घटना को सड़क दुर्घटना जैसा दिखाने की कोशिश की और जानबूझकर कार को अपनी पत्नी के साथ भाखड़ा नहर में गिरा दिया।

गोताखोरों और बचाव दलों की मदद से मृतका के शव और कार नहर से बाहर निकाला गया।
Image Source : REPORTER INPUTगोताखोरों और बचाव दलों की मदद से मृतका के शव और कार नहर से बाहर निकाला गया।

शादी से खुश नहीं था हैप्पी सिंह का परिवार

जांच में सामने आया है कि दोनों ने साल 2024 में प्रेम विवाह किया था, जो अंतरजातीय था। बताया जा रहा है कि हैप्पी सिंह का परिवार इस शादी से खुश नहीं था। शादी के बाद पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि हैप्पी सिंह यह शादी नहीं करना चाहता था, जबकि रमनदीप ने उस पर दबाव बनाया था। घटना के समय हैप्पी सिंह की तैनाती असम में थी।

मामले में हो सकते हैं कई बड़े खुलासे

मृतका के भाई गुरजीत सिंह की शिकायत पर पुलिस ने हैप्पी सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इस पूरे मामले को पूर्व नियोजित साजिश के एंगल से जांच रही है और हर पहलू की गहन जांच जारी है। अगर जांच में आरोप सही साबित होते हैं, तो यह मामला घरेलू विवाद, पारिवारिक अस्वीकृति और रिश्तों में बढ़ती कड़वाहट का एक बेहद दुखद उदाहरण बन सकता है। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

(रिपोर्ट- इंदरपाल सिंह)

यह भी पढ़ें-

केतन की हत्या कैसे की? दो हजार से ज्यादा कॉल्स, सिया और चेतन ने ऑनलाइन ढूंढा था मर्डर का तरीका

युवती ने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर की मां-बाप और छोटी बहन की हत्या, लिव-इन रिलेशनशिप का कर रहे थे विरोध

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।