चंडीगढ़: पंजाब में चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी की मुश्किलें बढ़ रही हैं। आज पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के OSD राजबीर सिंह घुम्मन के खिलाफ करप्शन के मामले की जांच CBI को सौंप दी। असल में ED का आरोप है कि राजबीर सिंह घुम्मन पंजाब में वसूली का रैकेट चला रहे हैं। माइनिंग और सरकारी ठेके दिलाने के एवज में करोड़ों रुपए की वसूली कर रहे हैं इसलिए घुम्मन के खिलाफ FIR दर्ज की जाए, इसको लेकर ED ने पंजाब के DGP को तीन चिट्ठियां लिखीं लेकिन कोई एक्शन नहीं हुआ।
इसके बाद हाईकोर्ट में एक PIL फाइल की गई। आज इस पीटिशन पर सुनवाई के बाद कोर्ट ने मामले की जांच CBI को सौंपने का आदेश दिया। हाईकोर्ट ने CBI से 2 महीने के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट सौंपने को भी कहा है। ये भगवंत मान की सरकार के लिए बड़ा झटका है। हालांकि पंजाब सरकार हाई कोर्ट के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपील करेगी। पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने कहा कि जब पंजाब में कांग्रेस की सरकार थी, उसी वक्त CBI जांच को लेकर जनरल कंसेंट वापस ले लिया गया था इसलिए राज्य सरकार की सहमति के बगैर किसी मामले की जांच CBI को नहीं सौंपी जा सकती।
पंजाब में हर लेवल पर करप्शन है- संबित पात्रा
हाईकोर्ट के फैसले से बीजेपी, कांग्रेस और अकाली दल को भगवंत मान की सरकार पर हमला करने का मौका मिल गया। संबित पात्रा ने कहा कि पंजाब में हर लेवल पर करप्शन है। पूरे राज्य में सिर्फ रिश्वत का खेल चल रहा है। अब हाई कोर्ट ने भी इस पर मुहर लगा दी है। संबित पात्रा ने कहा कि घुम्मन तो सिर्फ मोहरा हैं, रिश्वत का पैसा तो ऊपर तक पहुंच रहा था, इसलिए इस केस की जद में भगवंत मान भी आएंगे और केजरीवाल भी।
अकाली दल के नेता बिक्रम मजीठिया ने भी आम आदमी पार्टी पर हमला किया। मजीठिया ने कहा कि हाई कोर्ट ने मान सरकार के चेहरे से ईमानदारी का नकाब उतार दिया है। अब राजबीर घुम्मन हों या नितिन गुहाल, सब पकड़े जाएंगे, इस मामले के पूरे राज खुलेंगे।
कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला ने कहा कि, अगर भगवंत मान का दामन साफ होता तो अपने OSD के खिलाफ FIR दर्ज कराते, हाईकोर्ट को दखल न देना पड़ता, औजला ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने पंजाब को ठगा है। ईमानदारी की बड़ी बड़ी बातें करके करप्शन के दलदल में फंस गए, अब जनता केजरीवाल को सबक सिखाएगी।
इससे पहले केजरीवाल ने दावा कर कहा था कि पंजाब विधानसभा चुनाव समय से पहले हो सकते हैं और बोले कि भगवंत मान AAP के सीएम फेस होंगे।
ये भी पढ़ें-
राजा वडिंग बोले- 'अहमद शाह अब्दाली बन चुके हैं भगवंत मान', 8 सितंबर को बड़े प्रदर्शन का ऐलान