चंडीगढ़ः आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक और दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को दावा किया कि पंजाब विधानसभा चुनाव फरवरी 2027 के बजाय इस साल नवंबर में हो सकते हैं। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि चुनाव समय से पहले क्यों हो सकते हैं।
केजरीवाल ने दावा किया कि पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) चार साल से सरकार चला रही है और लोग इसके कामकाज से खुश हैं। उन्होंने इसकी तुलना विपक्षी पार्टियों की पिछली सरकारों से करते हुए कहा कि जब वे अपने कार्यकाल के आखिरी साल में पहुँचती थीं, तो उनके खिलाफ़ जनता का गुस्सा बढ़ जाता था।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भगवंत मान ही आम आदमी पार्टी की तरफ से मुख्यमंत्री पद के दावेदार होंगे। केजरीवाल ने कहा, ''मुझे बताया गया है कि चुनाव फरवरी 2027 के बजाय नवंबर 2026 में हो सकते हैं। ऐसे में अब केवल चार महीने बचे हैं। हमें अभी से काम में जुट जाना चाहिए और भगवंत मान को फिर से मुख्यमंत्री बनाना है।'
बठिंडा में सीएम मान के साथ किया रोड शो
बठिंडा में केजरीवाल ने मुख्यमंत्री भगवंत मान, आप के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा सहित अन्य नेताओं के साथ रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने महीने हुए नगर निकाय चुनावों में आम आदमी पार्टी के शानदार प्रदर्शन के लिए लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि गुरुवार को बरनाला, मोगा, बटाला और बठिंडा नगर निगमों में AAP के चार पार्षद मेयर चुने गए। केजरीवाल ने कहा कि "हम काम करने के लिए राजनीति में आए हैं। मैं लोगों के चेहरों पर मुस्कान देखता हूं और अच्छा लगता है कि चार साल बाद भी लोग हमारे काम को पसंद कर रहे हैं।
विपक्षी दलों पर साधा निशाना
उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब में AAP समेत चार पार्टियां हैं। बाकी तीन का नाम लिए बिना केजरीवाल ने कहा, "एक पार्टी वह है जिसे लोग 'चिट्टा' (मिलावटी हेरोइन) पार्टी कहते हैं। दूसरी 'झगड़ा' पार्टी है जिसके नेता आपस में लड़ते रहते हैं। तीसरी ईडी पार्टी है, जो लोगों को डराने-धमकाने के लिए इस एजेंसी का इस्तेमाल करती है। चौथी पार्टी आम आदमी पार्टी है, आपकी अपनी पार्टी, जो लोगों के लिए काम करती है।
सीएम मान की जमकर तारीफ
मुख्यमंत्री की तारीफ़ करते हुए केजरीवाल ने कहा कि पंजाब ने पिछले 75 सालों में कई मुख्यमंत्री देखे हैं, लेकिन भगवंत मान जैसा ईमानदार कोई नहीं था। पहले के मुख्यमंत्रियों पर कई तरह के आरोप लगे और घोटाले हुए लेकिन पिछले चार सालों में मान पर एक भी आरोप नहीं लगा। अगर उन पर कोई आरोप लगता, तो क्या आपको लगता है कि मोदी मान को बख्श देते? उन पर ED और CBI के छापे पड़ते। AAP नेता ने यह भी दावा किया कि सरकार ने पिछले चार सालों में लोगों के अलग-अलग वर्गों के लिए कई काम किए हैं।
केजरीवाल ने कहा कि AAP सरकार मुफ़्त बिजली और 10 लाख रुपये का हेल्थ कवर दे रही है, जबकि जुलाई से महिलाओं के खातों में 1,000 रुपये और 1,500 रुपये (SC महिलाओं के लिए) की आर्थिक मदद भेजी जाएगी। "अब, आपको भगवंत मान को फिर से मुख्यमंत्री बनाना चाहिए ताकि बाकी काम पूरे हो सकें
ये भी पढ़ेंः पंजाब में चुनाव से पहले राजनीतिक हलचल तेज, BJP ने की बड़ी बैठक, AAP और कांग्रेस ने भी ठोंकी ताल