1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. हनी सिंह समेत दो नामी सिंगरों की बढ़ी मुश्किलें, पंजाब महिला आयोग ने आपत्तिजनक गानों पर लिया एक्शन, भेजा नोटिस

हनी सिंह समेत दो नामी सिंगरों की बढ़ी मुश्किलें, पंजाब महिला आयोग ने आपत्तिजनक गानों पर लिया एक्शन, भेजा नोटिस

 Reported By: Puneet Pareenja Edited By: Mangal Yadav
 Published : Aug 07, 2025 01:36 pm IST,  Updated : Aug 07, 2025 01:54 pm IST

पंजाब की राज्य महिला आयोग ने पंजाबी सिंगर हनी सिंह और करण औजला को कारण बताओ नोटिस भेजा है। साथ ही पूछताछ के लिए 11 अगस्त को अपने कार्यालय भी बुलाया है।

पंजाबी सिंगर हनी सिंह। फाइल फोटो- India TV Hindi
पंजाबी सिंगर हनी सिंह। फाइल फोटो Image Source : PTI

चंडीगढ़ः पंजाब राज्य महिला आयोग ने मशहूर पंजाबी गायक करण औजला और यो यो हनी सिंह के कथित आपत्तिजनक गीतों के बोलों पर चिंता जताते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। महिला आयोग ने पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) से औपचारिक रूप से संपर्क किया है और कथित तौर पर महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले दो गीतों की जांच करने को कहा है। 

महिला आयोग ने डीजीपी को लिखा पत्र

पंजाब महिला आयोग की अध्यक्ष राज लाली गिल ने डीजीपी को दो पत्र लिखे हैं। पहले पत्र में कहा गया है कि यो यो हनी सिंह का गाना 'मिलियनेयर' सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा है। उन्होंने गाने में महिलाओं के प्रति बेहद आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया है। दूसरे पत्र में आयोग ने करण औजला के गाने 'एमएम गबरू' का ज़िक्र किया। आयोग ने कहा कि यह गाना सोशल मीडिया पर भी ट्रेंड कर रहा है। इसमें महिलाओं के लिए अनुचित शब्दावली का भी इस्तेमाल किया गया है, जो पूरी तरह से आपत्तिजनक है। 

पंजाब राज्य महिला आयोग ने गीतों में महिलाओं को लेकर अभद्र टिप्पणी को लेकर नाराजगी जताई है। गीतों में महिलाओं को लेकर की गई टिप्पणियों को लेकर राज्य महिला आयोग स्वतः संज्ञान लिया है और सख्त रुख अपनाया है। महिला आयोग ने दोनों गायकों को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया है।

करण औजला के इस गाने पर विवाद

जानकारी के मुताबिक, पंजाबी गायक करण औजला द्वारा गाये गए गाने MF Gabru को लेकर विवाद हो रहा है। गाने में महिलाओं के लिए आपत्तिजनक शब्द गाने के कारण पंजाब महिला आयोग की ओर से सिंगर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। पंजाब के डीजीपी को इस मामले की सीनियर अधिकारी से जांच करवा कर 11 अगस्त को सीनियर अधिकारी और करण औजला को पेश होने का आदेश दिया है।

हनी सिंह के इस गाने पर विवाद

वहीं, पंजाबी गायक और रैपर हनी सिंह के गीत मिलेनियम को लेकर भी विवाद है। हनी सिंह के खिलाफ भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। पंजाब राज्य महिला आयोग ने डीजीपी को लिखी चिट्ठी और इस मामले की भी सीनियर अधिकारी से जांच करवाकर 11 अगस्त को पंजाब पुलिस के अधिकारी और हनी सिंह को पेश होने के आदेश दिया है। दोनों सिंगरों को 11 अगस्त को सुबह 11:30 बजे महिला आयोग के समक्ष होने का आदेश दिया गया है।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।