राज्यसभा के सांसद और पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट का रुख किया है। उन्होंने अपनी सुरक्षा हटाए जाने के खिलाफ हाई कोर्ट में याचिका दायर की है। हरभजन सिंह की याचिका में पंजाब पुलिस से सवाल किया गया है कि उनकी सुरक्षा क्यों हटाई गई। हरभजन ने हाई कोर्ट से मांग की है कि पंजाब पुलिस की सुरक्षा को दोबारा से बहाल किया जाए। PTI के सूत्रों के मुताबिक, बीते शनिवार को हरभजन सिंह की सुरक्षा हटा ली गई थी। आपको बता दें कि इससे पहले हरभजन सिंह और राघव चड्ढा समेत आम आदमी पार्टी के 7 सांसदों ने भाजपा का दामन थाम लिया था।
हाई कोर्ट ने जारी किया नोटिस
पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट ने राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह की सुरक्षा वापिस लेने के मामले में पंजाब सरकार को नोटिस जारी किया है। सांसद ने अपने घर के बाहर हंगामे और गद्दार लिखे जाने के दौरान हुए प्रदर्शन और अपने परिवार की सुरक्षा जोखिम का हवाला देते हुए सुरक्षा हटाने को चुनौती दी है। कोर्ट ने पंजाब सरकार से सुरक्षा समीक्षा के आधार पर जवाब मांगा है।जानकारी के अनुसार, इस मामले की सुनवाई 12 मई को होगी।