1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. शिवसेना जिलाध्यक्ष की हत्या मामले में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़, तीन आरोपी गिरफ्तार

शिवसेना जिलाध्यक्ष की हत्या मामले में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़, तीन आरोपी गिरफ्तार

 Edited By: Amar Deep
 Published : Mar 15, 2025 10:36 am IST,  Updated : Mar 15, 2025 10:36 am IST

पंजाब के मोगा जिले में शिवसेना के जिलाध्यक्ष की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें तीन आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं।

पुलिस मुठभेड़ में तीन आरोपी गिरफ्तार।- India TV Hindi
पुलिस मुठभेड़ में तीन आरोपी गिरफ्तार। Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

चंडीगढ़: पंजाब के मोगा जिले में गुरुवार को शिवसेना नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस मामले में पंजाब पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन आरोपियों को मुक्तसर जिले के मलोट में पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। 

गुरुवार को हुई थी हत्या

अधिकारियों ने बताया कि मोगा जिले में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के जिला अध्यक्ष मंगत राय की हत्या कर दी गई। गुरुवार को देर रात उनकी गोली मारकर हत्या की गई थी। इस हमले में 12 वर्षीय एक लड़का भी गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, मंगत राय गुरुवार की रात लगभग 10 बजे अपने घर से किराने का सामान लेने निकले थे। इसी दौरान तीन अज्ञात हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। 

एक नाबालिग भी हुआ घायल

अधिकारियों ने बताया कि पहली गोली मंगत राय को नहीं लगी, लेकिन उसकी चपेट में 12 वर्षीय एक लड़का आ गया। उन्होंने कहा कि इसके बाद शिवसेना नेता अपने दोपहिया वाहन से भागने लगे, लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा किया और दोबारा गोली चलाई। उन्होंने कहा कि मंगत राय को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस का मानना है कि यह घटना व्यक्तिगत रंजिश का नतीजा हो सकती है। हालांकि, राय के परिवार का कहना है कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी।

बेटी ने की न्याय की मांग

बता दें कि मंगत राय की बेटी ने बताया कि उनके पिता गुरुवार रात लगभग आठ बजे दूध लेने के लिए घर से निकले थे। उन्होंने कहा, ‘‘रात 11 बजे किसी ने हमें बताया कि मेरे पिता की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। हम न्याय चाहते हैं और इसके लिए हमें जो भी करना पड़े करेंगे।’’ वहीं पुलिस उपाधीक्षक (सिटी) रविंदर सिंह ने बताया कि गुरुवार रात में स्टेडियम रोड पर मंगत राय मंगा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बदमाशों की गोलीबारी में एक नाबालिग घायल हो गया। मंगा के शव को सरकारी अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।’’ (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें- 

टैक्सी चालक से लड़की ने मंदिर में कर ली शादी, बाप-भाई ने गला घोंटकर की हत्या; पुलिस ने दोनों को किया गिरफ्तार

लखनऊ में कई फ्लैटों में पकड़ी गईं थाईलैंड की 10 महिलाएं, केस दर्ज

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।