1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. 'CM पद के लिए 500 करोड़ का सूटकेस' वाले बयान पर नवजोत कौर सिद्धू का यूटर्न, अब क्या कहा?

'CM पद के लिए 500 करोड़ का सूटकेस' वाले बयान पर नवजोत कौर सिद्धू का यूटर्न, अब क्या कहा?

 Published : Dec 08, 2025 02:08 pm IST,  Updated : Dec 08, 2025 02:08 pm IST

कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर सिद्धू ने चौंकाने वाला बयान दिया है जिसके बाद पंजाब की राजनीति एक बार फिर गर्म हो गई है। हालांकि विवाद बढ़ता देख अब उन्होंने सफाई भी दी है।

navjot kaur sidhu- India TV Hindi
कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू और उनकी पत्नी नवजोत कौर सिद्धू। Image Source : PTI (FILE PHOTO)

चंडीगढ़: कांग्रेस नेता नवजोत कौर सिद्धू ने ‘‘मुख्यमंत्री की कुर्सी के लिए 500 करोड़ रुपये’’ वाले बयान पर राजनीतिक विवाद खड़े होने के बाद यू-टर्न ले लिया। नवजोत कौर ने सफाई देते हुए कहा कि उनकी टिप्पणी को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर रविवार शाम लिखा, ‘‘मैं हैरान हूं कि मेरे सीधे बयान को किस तरह तोड़-मरोड़कर पेश किया गया। मैंने सिर्फ इतना कहा था कि कांग्रेस पार्टी ने हमसे कभी कुछ नहीं मांगा। जब मुझसे पूछा गया कि नवजोत किसी दूसरी पार्टी से मुख्यमंत्री पद का चेहरा बन सकते हैं या नहीं, तो मैंने कहा कि हमारे पास मुख्यमंत्री पद के वास्ते किसी को देने के लिए कोई पैसा नहीं है।’’

नवजोत कौर ने कहा क्‍या था?

बता दें कि कांग्रेस की पंजाब इकाई के पूर्व अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर सिद्धू ने शनिवार को कहा था कि ‘‘जो 500 करोड़ रुपये का सूटकेस देता है, वही मुख्यमंत्री बन जाता है।’’ पत्रकारों के साथ बातचीत में उन्होंने कहा था कि अगर कांग्रेस उन्हें पंजाब में पार्टी का मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित करती है तो उनके पति सक्रिय राजनीति में लौट आएंगे। पंजाब में 2027 में चुनाव होने हैं। उन्होंने साथ ही कहा कि उनके पास किसी भी पार्टी को देने के लिए पैसा नहीं है लेकिन वे पंजाब को एक ‘‘स्वर्णिम राज्य’’’ बना सकते हैं।

राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था सहित कई मुद्दों पर राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात के बाद उन्होंने कहा, ‘‘हम हमेशा पंजाब और पंजाबियत की बात करते हैं लेकिन हमारे पास सीएम की कुर्सी पर बैठने के लिए 500 करोड़ रुपये देने को नहीं हैं।’’ किसी की ओर से पैसों की मांग किए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि किसी ने नहीं मांगे हैं लेकिन ‘‘जो 500 करोड़ रुपये का ‘सूटकेस’ देता है, वही मुख्यमंत्री बन जाता है।’’

बीजेपी और AAP की तीखी प्रतिक्रिया

उनके इस बयान ने पंजाब की राजनीति में हलचल मचा दी। बीजेपी और आम आदमी पार्टी (AAP) ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए दावा किया कि इससे कांग्रेस की कार्यप्रणाली का ‘‘घिनौना सच’’ सामने आ गया है। (भाषा इनपुट्स के साथ)

यह भी पढ़ें-

10 दिसंबर को दिवाली मनाने की तैयारी कर रही सरकार, जानें क्या है लाल किला समेत बड़े भवनों में दीये जलाने की वजह

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।