1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. अजमेर में मेला से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रेक्टर ट्रॉली बस से टकराई, 2 की मौत, 16 घायल

अजमेर में मेला से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रेक्टर ट्रॉली बस से टकराई, 2 की मौत, 16 घायल

 Written By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Sep 09, 2026 07:52 pm IST,  Updated : Sep 09, 2026 07:59 pm IST

बस और ट्रैक्टर ट्रॉली की भिड़त से मौके पर चीख-पुकार मच गई। बस से टकराने के बाद श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई थी। गंभीर रूप से घायल श्रद्धालु सड़क पर दर्द के मारे कराहते हुए नजर आए।

अजमेर में सड़क हादसा- India TV Hindi
अजमेर में सड़क हादसा Image Source : REPORTER INPUT

राजस्थान के अजमेर जिले में मसूदा के पास एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। जैसलमेर स्थित बाबा रामदेवरा मेले में दर्शन करने के बाद तीर्थराज पुष्कर जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली की सामने से आ रही एक बस से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली मौके पर ही पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में 2 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 16 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

रामदेवरा से पुष्कर दर्शन के लिए जा रहे थे श्रद्धालु

जानकारी के अनुसार, सभी श्रद्धालु मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के रहने वाले हैं। वे बाबा रामदेवरा के दर्शन करने के बाद पुष्कर तीर्थ में दर्शन के लिए निकले थे। लेकिन पुष्कर पहुंचने से पहले ही मसूदा के पास यह हादसा हो गया। दुर्घटना के समय ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 30 से 35 श्रद्धालु सवार थे, जिनमें 15 महिलाएं और 17 पुरुष शामिल हैं।

घटनास्थल पर मची चीख-पुकार

हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर 108 एंबुलेंस कॉल सेंटर के माध्यम से 5 से 6 एंबुलेंस तुरंत घटनास्थल पर भेजी गईं। सभी घायलों को तुरंत मसूदा के उपजिला चिकित्सालय ले जाया गया।

अजमेर रेफर के दौरान 2 ने तोड़ा दम

उपजिला अस्पताल में डॉक्टरों के दल ने प्राथमिक उपचार के बाद 18 श्रद्धालुओं की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें अजमेर के जवाहरलाल नेहरू (JLN) अस्पताल रेफर कर दिया। अजमेर ले जाते समय रास्ते में ही 2 श्रद्धालुओं की मौत हो गई।

कुछ घायलों को अस्पताल से मिली छुट्टी 

फिलहाल 16 गंभीर घायलों का इलाज अजमेर के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में जारी है, जबकि अन्य मामूली रूप से घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल 

मृतक श्रद्धालुओं के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं के परिजन भी उन्हें देखने अस्पताल पहुंचे हैं। अस्पताल प्रशासन घायलों के इलाज के लिए पूरी तरह जुटा है। मौके पर पुलिस की टीम भी मौजूद है।

अजमेर से राजकुमार वर्मा की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

ज्वेलरी शॉप में ग्राहक बनकर पहुंची चोरनियां! एक ने बातों में उलझाया तो दूसरी गहने लेकर भागी, देखें वीडियो

 
 
Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।