1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने किया बड़ा ऐलान, अर्जुन राम मेघवाल को दी बड़ी जिम्मेदारी, वसुंधरा राजे को लेकर वेट एंड वाच

विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने किया बड़ा ऐलान, अर्जुन राम मेघवाल को दी बड़ी जिम्मेदारी, वसुंधरा राजे को लेकर वेट एंड वाच

 Reported By: Manish Bhattacharya, Written By: Sudhanshu Gaur
 Published : Aug 17, 2023 02:03 pm IST,  Updated : Aug 17, 2023 02:08 pm IST

केंद्रीय आलाकमान ने संकल्प पत्र समिति और चुनाव प्रबंधन समिति का गठन कर दिया है, लेकिन इन दोनों समितियों में से किसी में भी वसुंधरा राजे को जगह नहीं दी गई है।

Rajasthan, BJP- India TV Hindi
अर्जुन राम मेघवाल और वसुंधरा राजे Image Source : INDIA TV

जयपुर: इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने कमर कस ली है। पार्टी प्रदेश से गहलोत सरकार की विदाई कराने के लिए पूरी कोशिश कर रही है। इसके लिए प्रदेश स्तर से लेकर केंद्रीय स्तर तक के नेता संगठन और प्रदेश को मथ रहे हैं। पार्टी प्रदेश के प्रत्येक वोटर तक पहुंच बना रही है। इसी बीच केंद्रीय आलाकमान ने बड़ा ऐलान किया है। बीजेपी ने राजस्थान विधान सभा चुनाव के लिए पार्टी का प्रदेश संकल्प पत्र ( चुनावी घोषणापत्र ) बनाने की अहम जिम्मेदारी केंद्रीय मंत्री और बीकानेर से सांसद अर्जुन राम मेघवाल को सौंपी है।

नारायण पंचारिया को दी गई चुनाव प्रबंधन समिति संयोजक की जिम्मेदारी 

इसके साथ ही पार्टी ने प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद नारायण पंचारिया को प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति का संयोजक घोषित कर दिया है। अर्जुन राम मेघवाल की अध्यक्षता में बनाई गई प्रदेश संकल्प पत्र समिति में पार्टी ने राज्य सभा सांसद घनश्याम तिवारी एवं किरोड़ी लाल मीणा, पार्टी की राष्ट्रीय सचिव अल्का गुर्जर, राव राजेन्द्र सिंह, सुभाष मेहरिया, प्रभुलाल सैनी और राखी राठौर को सह संयोजक घोषित किया है। वहीं पूर्व सांसद जसवंत विश्नोई सहित प्रदेश के कई अन्य नेताओं को इस समिति में सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।

इसके साथ ही नारायण पंचारिया की अध्यक्षता में बनाई गई प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति में पार्टी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़, ओंकार सिंह लखावत, भजनलाल शर्मा, दामोदर अग्रवाल, सी.एम.मीणा और कन्हैयालाल बैरवाल को सह संयोजक घोषित किया है। राजेन्द्र सिंह शेखावत, प्रमोद वशिष्ठ, आनंद शर्मा, पंकज गुप्ता और स्नेहा काम्बोज सहित प्रदेश के कई अन्य नेताओं को इस समिति में सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।

वसुंधरा को अभी नहीं दी गई है कोई जिम्मेदारी 

हालांकि इन सब ऐलानों के बीच अभी तक पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की भूमिका को लेकर अभी तक कुछ स्थिति साफ़ नहीं की गई है। बताया जा रहा है कि उन्हें कैम्पेन कमिटी का अध्यक्ष बनाया जा सकता है। इसके साथ ही पार्टी सितंबर में प्रदेशभर में परिवर्तन यात्रा निकालने जा रही है। इस यात्रा में वसुंधरा राजे मौजूद रहेंगी। इसके साथ ही उन्हें चुनाव में भी एक्टिव रहने और पूरे प्रदेश में प्रचार करने को कहा गया है। इससे यह तय हो गया है कि प्रदेश में बीजेपी किसी के चेहरे के साथ चुनाव नहीं लड़ेगी। यहां केंद्र सरकार की योजनाओं और नरेंद्र मोदी के चेहरे पर ही चुनाव लड़ा जाएगा।

ये भी पढ़ें- 

Chandrayaan-3: जानिए क्या है प्रोपल्शन मॉड्यूल, जिससे अलग हुआ विक्रम लैंडर, अब यह किस तरह से करेगा काम?

चंद्रयान-3 और लूना-25 दोनों चांद के दक्षिणी हिस्से पर उतरेंगे, फिर भी दोनों मिशन पूरी तरह से हैं अलग, जानिए कैसे

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।