1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. आधी रात लोहे का गेट तोड़कर घर में घुसी कार, दहल गया परिवार; घटना का CCTV फुटेज आया सामने

आधी रात लोहे का गेट तोड़कर घर में घुसी कार, दहल गया परिवार; घटना का CCTV फुटेज आया सामने

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Feb 02, 2026 02:59 pm IST,  Updated : Feb 02, 2026 02:59 pm IST

उदयपुर में एक तेज रफ्तार कार अचानक एक घर में लोहे का गेट तोड़ते हुए घुस गई। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। कार के अंदर से शराब की बोतलें भी मिली हैं।

लोहे का गेट तोड़कर घर में घुसी कार।- India TV Hindi
लोहे का गेट तोड़कर घर में घुसी कार। Image Source : REPORTER INPUT

उदयपुर: शहर में एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर रोड किनारे एक घर के गेट को तोड़कर अंदर जा घुसी। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। गाड़ी की रफ्तार इतनी तेज थी कि कार ने पहले लोहे का गेट तोड़ा और उसके बाद दीवार से जा टकराई। आधी रात को हुई इस घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। खास बात यह है कि कार ने लोहे के गेट और दीवार को इतनी तेज टक्कर मारी की आवाज सुनकर परिवार के लोग सहम गए। 

गेट तोड़ने के बाद दीवार से टकराई कार

दरअसल, पूरी घटना उदयपुर शहर के सुखेर थाना क्षेत्र की है। एक दिन पहले हुई घटना का वीडियो सोमवार को सामने आया। सीसीटीवी वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कार की गति बहुत ज्यादा थी। इस घटना के बाद मकान में सो रहे लोग तुरंत उठकर बाहर आ गए। कार और गेट की हालत देखकर लोग हैरान रह गए। परिवार ने तुरंत सुखेर थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और कार की तलाशी ली।

मकान मालिक ने दर्ज कराई रिपोर्ट

मकान मालिक अंशुल कुमावत ने इस संबंध में पुलिस थाने में रिपोर्ट दी है। पुलिस अब रिपोर्ट के आधार पर कार चालक की तलाशी में जुटी हुई है। कार की तलाशी लेने पर पुलिस को कार में एक दर्जन शराब की बोतलें मिली हैं। पुलिस ने अनुमान लगाया कि कार चालक शराब के नशे में था, इसी वजह से यह हादसा हुआ है। करीब एक दर्जन शराब की बोतले अलग-अलग ब्रांड की थी।

सीसीटीवी फुटेज आया सामने

घटना रात 1:30 बजे की शोभागपुरा स्थित माधव विहार की है। जब फॉक्सवेगन टाइगुन तेज रफ्तार कार रोड पर सीधे जाते हुए अचानक टर्न लेकर घर में घुस गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मकान का गेट टूट गया और गेट की दीवार भी क्षतिग्रसत हो गई। कार का भी बोनट पूरी तरह टूट गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार और उसमें रखी शराब भी जब्त कर ली है। वहीं, फरार ड्राइवर की तलाश में जुटी है। (इनपुट- भगवान प्रजापति)

यह भी पढ़ें-

ग्रेटर नोएडा में 90 डिग्री मोड़ पर फिर हादसा, नाले में गिरी कार; पानी कम होने से बची जान

रविदास जयंती के जुलूस में शामिल थे करीब 70 लोग, शख्स ने चढ़ा दी कार, 4 घायल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।