1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. राजस्थान में कोरोना वायरस से संक्रमण के 669 नए मामले, एक और मरीज की मौत

राजस्थान में कोरोना वायरस से संक्रमण के 669 नए मामले, एक और मरीज की मौत

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 24, 2021 11:54 pm IST,  Updated : Mar 24, 2021 11:54 pm IST

राजस्थान में बुधवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के 669 नए मामले सामने आए हैं।

Rajasthan Coronavirus Cases, Rajasthan Coronavirus Death, Rajasthan Coronavirus- India TV Hindi
राजस्थान में बुधवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के 669 नए मामले सामने आए हैं। Image Source : PTI REPRESENTATIONAL

जयपुर: राजस्थान में बुधवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के 669 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही सूबे में इस घातक वायरस से संक्रमित होने वाले लोगों की कुल संख्या बढ़कर 3,27,175 हो गई है। सूबे के अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, नए मामलों में सबसे ज्यादा राजधानी जयपुर से सामने आए हैं, जबकि जोधपुर, कोटा, अजमेर और उदयपुर में भी 50 से ज्यादा मामले सामने आए हैं। वहीं, वायरस के संक्रमण के सूबे में बुधवार को एक मरीज की मौत हुई है। इसके साथ ही सूबे में इस घातक वायरस के चलते अपनी जान गंवाने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 2,808 पहुंच गई है।

मुख्यमंत्री गहलोत ने बढ़ते मामलों पर जताई चिंता

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य में संक्रमित मरीजों की बढ़ती संख्या पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आमजन कोई लापरवाही ना बरतें, अन्यथा परिणाम गंभीर हो सकते हैं। गहलोत ने ट्वीट कर कहा, ‘केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश के 18 राज्यों में ब्रिटेन, दक्षिण अफ्रीका और ब्राजील के कोरोना स्ट्रेन (स्वरूप) मिले हैं जो चिंताजनक हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक, नए स्ट्रेन वाले वायरस तेजी से फैलते हैं। ऐसे में अधिक सावधानी की आवश्यकता है। आमजन कोई लापरवाही ना बरतें अन्यथा परिणाम गंभीर हो सकते हैं। अन्य राज्यों में नए स्ट्रेन वाले वायरस ना फैलें इसके लिए भी राज्यों को जरूरी कदम उठाने की आवश्यकता है। राजस्थान में दूसरे राज्यों से आने वाले यात्रियों के लिए 72 घंटे की अवधि की आरटी-पीसीआर रिपोर्ट जरूरी की गई है। बिना जांच के आने वाले यात्रियों को 15 दिन तक आइसोलेशन में रखा जाएगा।’

जयपुर में 106 और जोधपुर में 90 नए संक्रमित
अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को राज्य में संक्रमण का इलाज करा रहे मरीजों संख्या बढ़कर 4672 हो गई है। उन्होंने बताया कि नये मामलों में जयपुर के 106, जोधपुर के 90, कोटा के 88, अजमेर के 65, उदयपुर के 51, चित्तौड़गढ़ के 37, सिरोही के 33, राजसमंद के 31, भीलवाड़ा के 27, डूंगरपुर के 22, बांसवाड़ा के 15, झालावाड़ के 14, बीकानेर के 12, सीकर के 11, बूंदी-पाली के 10-10 मरीज शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि राज्य में कोरोना वायरस से संक्रमित 258 और मरीजों ने संक्रमण को मात दी है जिसके बाद 3,19,695 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। राज्य में बुधवार को जयपुर में एक संक्रमित की मौत हुई है, जिसके बाद मृतक संख्या 2808 पहुंच गई है। जयपुर में 522, जोधपुर में 308, अजमेर में 223, कोटा में 169, बीकानेर में 167 उदयपुर में 127, भरतपुर में 120,पाली में 109 और सीकर में 101 संक्रमितों की मौत हो चुकी हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।