राजस्थान के झुंझुनूं जिले के चिड़ावा शहर में एक अनोखा और प्रेरणादायक मामला सामने आया, जब सगाई की रस्म ने अचानक शादी का रूप ले लिया। इस खास पल का गवाह बना पूरा परिवार, जबकि विदेश में मौजूद पिता ने वीडियो कॉल के जरिए अपनी बेटी को आशीर्वाद दिया।
जानकारी के अनुसार, पप्पू चेजारा की पुत्री निकिता वर्मा की सगाई का कार्यक्रम चिड़ावा में आयोजित किया गया था। इस मौके पर दूल्हे अजय, जो नवलगढ़ निवासी हैं, अपने परिजनों के साथ समारोह में पहुंचे थे। सगाई का माहौल खुशियों से भरा हुआ था और दोनों परिवार एक-दूसरे से मिलकर बेहद प्रसन्न थे। इस दौरान एक खास मोड़ तब आया, जब दोनों परिवारों ने आपसी सहमति से इस सगाई को विवाह में बदलने का फैसला किया। अचानक इस फैसले ने सभी को चौंका दिया।
इस विवाह के सबसे भावुक और यादगार पल में वह था जब दुल्हन निकिता के पिता विदेश में होने के कारण समारोह में शामिल नहीं हो सके। हालांकि, उन्होंने वीडियो कॉल के जरिए समारोह को देखा और अपनी बेटी को आशीर्वाद दिया। इस तरह से वीडियो कॉल ने भावनाओं को एक खूबसूरत सेतु का काम किया, और पूरे परिवार ने मिलकर इस पल को खास बनाया।
बिना दहेज के हुई शादी
इस विवाह की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि इसे बिना दहेज के संपन्न किया गया। दुल्हन निकिता के चाचा मुकेश वर्मा और दूल्हे के चाचा योगेश कुमार ने बताया कि यह निर्णय पूरी सहमति और खुशी के साथ लिया गया। दोनों परिवारों ने संकल्प लिया कि इस शादी में किसी प्रकार का दहेज नहीं लिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि यह विवाह समाज के लिए एक संदेश है कि रिश्ते प्रेम, सम्मान और विश्वास पर टिके होते हैं, न कि लेन-देन पर।
(रिपोर्ट- अमित शर्मा)
ये भी पढ़ें-
दिल्ली: फैक्ट्री में बन रहा था नकली ENO और Nescafe, वीडियो देखकर पीने से पहले 10 बार सोचेंगे