1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. ATM उखाड़ने आए थे 4 बदमाश, पुलिस ने टायर पर चली गोली तो रिम पर दौड़ाते रहे कार, गाड़ी पलटने के बाद दबोचे गए आरोपी

ATM उखाड़ने आए थे 4 बदमाश, पुलिस ने टायर पर चली गोली तो रिम पर दौड़ाते रहे कार, गाड़ी पलटने के बाद दबोचे गए आरोपी

 Written By: Subhash Kumar
 Published : Oct 14, 2026 08:25 pm IST,  Updated : Oct 14, 2026 08:36 pm IST

पिलानी में ATM उखाड़ने आए 4 बदमाशों का फिल्मी अंदाज में पीछा, टायर पर चली गोली तो रिम पर दौड़ाते रहे कार, पलटी कार तो दबोचे गए आरोपी

rajasthan pilani atm loot- India TV Hindi
एटीएम लूटने आए आरोपी हुए गिरफ्तार। Image Source : REPORTER

राजस्थान के झुंझुनूं जिले के पिलानी शहर में ATM तोड़कर उखाड़ने की कोशिश करने वाले चार बदमाशों को पुलिस ने पीछा कर गिरफ्तार कर लिया। बैंक ऑफ बड़ौदा के ATM को निशाना बनाने पहुंचे बदमाशों ने वारदात से पहले CCTV कैमरों पर काला पेंट कर अपनी पहचान छिपाने का प्रयास किया। इसके बाद ATM तोड़ने और उखाड़ने की कोशिश शुरू कर दी। लेकिन ATM रूम में लगे हिडन कैमरे में उनकी गतिविधियां रिकॉर्ड हो गईं। पुलिस की गश्ती गाड़ी दिखाई देने पर बदमाश बिना नंबर की सफेद बलेनो कार से भाग निकले। इसके बाद शुरू हुआ पीछा, डुलानिया के आसपास टायर पर गोली चलने से लेकर पीपली के पास कार पलटने तक पहुंच गया। आखिरकार पुलिस ने चारों आरोपियों को पकड़ लिया।

पहचान छिपाने के लिए CCTV कैमरों पर पोता पेंट

जानकारी के अनुसार, घटना पिलानी के त्रिवेणी प्याऊ चौराहे के पास स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के ATM की है। बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने से पहले ATM के बाहर लगे CCTV कैमरे पर काला पेंट कर दिया। इसके बाद अंदर लगे दो CCTV कैमरों को भी पेंट से ढक दिया, ताकि उनकी गतिविधियां रिकॉर्ड नहीं हो सकें। कैमरों को निष्क्रिय करने के बाद बदमाश ATM को तोड़ने और उखाड़ने की कोशिश करने लगे। हालांकि, ATM रूम में लगे हिडन कैमरे में उनकी गतिविधियां कैद हो गईं। 

पुलिस की गाड़ी देखते ही बिना नंबर की कार से भागे

इसी दौरान गश्त कर रही पुलिस की गाड़ी को देखकर बदमाश घबरा गए और बिना नंबर की सफेद बलेनो कार लेकर लोहारू(हरियाणा) की तरफ भागने लगे। घटना की सूचना मिलते ही पिलानी थानाधिकारी अलका बिश्नोई को जानकारी दी गई। इसके बाद थानाधिकारी अलका बिश्नोई, सूचना अधिकारी महिपाल सिंह और ASI रूपेंद्र ने निजी वाहन से बदमाशों का पीछा शुरू किया। पुलिस टीम लगातार भाग रही कार को रोकने का प्रयास करती रही, लेकिन आरोपी तेज रफ्तार से वाहन दौड़ाते हुए बच निकलने की कोशिश करते रहे।

 

डुलानिया के पास टायर पर चलाई गोली, रिम पर दौड़ाते रहे कार

पीछा करने के दौरान डुलानिया के आसपास थानाधिकारी अलका बिश्नोई ने भाग रही कार के टायर पर गोली चलाई। इसके बावजूद बदमाशों ने हार नहीं मानी। टायर खराब होने के बाद भी वे रिम पर ही कार दौड़ाते रहे और पुलिस से बचकर निकलने का प्रयास करते रहे। इस घटनाक्रम के दौरान पुलिस ने आरोपियों को रोकने के लिए पीपली चौकी पर नाकेबंदी करवाई। पुलिस टीम ने रास्ता रोककर कार को रोकने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने कथित तौर पर पुलिस की गाड़ी को ही टक्कर मार दी।

पीपली के पास पलटी कार, पुलिस ने चारों को दबोचा

पुलिस की नाकेबंदी के दौरान टक्कर के बाद बदमाशों की कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कार में सवार चारों आरोपियों को पकड़ लिया। इस तरह ATM उखाड़ने की कोशिश से शुरू हुआ घटनाक्रम पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ समाप्त हुआ।

हरियाणा के रहने वाले बताए जा रहे आरोपी

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार चारों आरोपी हरियाणा के निवासी बताए जा रहे हैं। इनमें तीन आरोपी झज्जर और एक आरोपी रोहतक का रहने वाला बताया गया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करेंगे। पुलिस आरोपियों की पहचान, उनके आपराधिक रिकॉर्ड और ATM तोड़ने की कोशिश के पीछे के मकसद सहित मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। (रिपोर्ट: अमित शर्मा)

ये भी पढ़ें- राजस्थान में सरपंच का चुनाव लड़ने पर अड़ा बेटा, गुस्से में पिता ने कार से कुचलकर ले ली बेटे-बहू की जान

RSS जिला प्रचारक को नरैना थाने के अंदर बुरी तरह पीटा, बदसलूकी की; SP ने 6 पुलिसकर्मियों को किया सस्पेंड

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।