1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. जिम में ट्रेडमिल पर दौड़ते-दौड़ते गिरे सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल, CPR भी नहीं बचा सका जान; CCTV में कैद हुई पूरी घटना

जिम में ट्रेडमिल पर दौड़ते-दौड़ते गिरे सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल, CPR भी नहीं बचा सका जान; CCTV में कैद हुई पूरी घटना

 Reported By: Manish Bhattacharya,  Written By: Malaika Imam
 Published : Oct 14, 2026 08:54 pm IST,  Updated : Oct 14, 2026 09:07 pm IST

जिम में ट्रेडमिल पर दौड़ते समय सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल अचानक गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है। घटना का CCTV वीडियो सामने आया है।

जीम में सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल की मौत- India TV Hindi
जीम में सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल की मौत Image Source : REPORTER INPUT

राजस्थान के चूरू जिले के सरदारशहर में मंगलवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई। जिम में ट्रेडमिल पर दौड़ते समय एक सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। ट्रेडमिल पर दौड़ रहे प्रिंसिपल अचानक नीचे गिरकर बेहोश हो गए। जिम संचालक ने तत्काल उन्हें संभाला और CPR देकर बचाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। घटना मंगलवार शाम करीब 7 बजे की है। बुधवार को घटना का CCTV वीडियो सामने आया है।

मृतक की पहचान 45 वर्षीय बीरबल मेव के रूप में हुई है, जो आसपालसर स्थित राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में प्रिंसिपल के पद पर कार्यरत थे। राजस्थान शिक्षक संघ के महामंत्री विजय पोटलिया के अनुसार, बीरबल मंगलवार शाम करीब 6 बजे अपनी छोटी बेटी कविता के साथ जिम गए थे। शाम करीब 7 बजे वे ट्रेडमिल पर दौड़ रहे थे, तभी अचानक गिर पड़े और बेहोश हो गए।

जिम संचालक ने तत्काल दिया CPR

बीरबल के अचानक गिरने पर जिम संचालक तुरंत उनके पास पहुंचे। उन्होंने करीब दो मिनट तक CPR (कार्डियो-पल्मोनरी रिससिटेशन) देकर उन्हें होश में लाने और उनकी जान बचाने का प्रयास किया। हालांकि, उनकी स्थिति में सुधार नहीं होने पर उन्हें नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने प्रथमदृष्टया मौत की वजह हार्ट अटैक होने की आशंका जताई है।

पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव

सरदारशहर उप जिला अस्पताल के प्रभारी डॉ. चंद्रभान जांगिड़ ने बताया कि मंगलवार शाम बीरबल के शव को निजी अस्पताल से उप जिला अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाने के लिए भेजा गया था। बुधवार सुबह परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमॉर्टम करवाकर शव उन्हें सौंप दिया गया। उन्होंने बताया कि मौत का स्पष्ट कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा।

20 साल से शिक्षा के क्षेत्र में दे रहे थे सेवाएं

बीरबल मेव करीब 20 वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत थे। उनकी पहली नियुक्ति वर्ष 2006 में चूरू जिले के सुजानगढ़ क्षेत्र की बीदासर तहसील के सांडवा गांव में लेक्चरर के पद पर हुई थी। वर्ष 2018 में प्रमोशन मिलने के बाद वे प्रिंसिपल बने। वर्तमान में वे सरदारशहर से करीब 15 किलोमीटर दूर आसपालसर के राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में प्रिंसिपल के रूप में सेवाएं दे रहे थे।

पत्नी और दो बेटियों के साथ सरदारशहर में रहते थे

बीरबल मेव मूल रूप से सरदारशहर से करीब 40 किलोमीटर दूर स्थित निमरासर गांव के निवासी थे। वे अपनी पत्नी और दो बेटियों के साथ सरदारशहर में रह रहे थे। उनकी बड़ी बेटी ऋतिका नवोदय विद्यालय में कक्षा 10वीं की छात्रा है, जबकि छोटी बेटी कविता कक्षा 5वीं में पढ़ती है।

ये भी पढ़ें-

मेरठ नीला ड्रम हत्याकांड मामले में कोर्ट का बड़ा फैसला, आरोपी मुस्कान और साहिल को सजा-ए- मौत

दिल्ली के कनॉट प्लेस में 16 अक्टूबर को तिरंगा मार्च निकालेगी CJP, अभिजीत दिपके ने दिया 'लहरा दो तिरंगा' का नारा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।