सीकर जिले के हर्ष पर्वत पर रविवार रात बड़ा हादसा हो गया। वॉच टावर के पास आंतरी नाले के समीप एक स्कोडा कार करीब 250 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में कार सवार सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर देवांग उर्फ हर्षित शर्मा (22) निवासी सोडाला, जयपुर और एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रीति (27) गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे सीकर के एसके हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना पर जीणमाता थाना पुलिस, सदर थाना पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से कार को बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है। हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। आपको बता दें हर्ष पर्वत समुद्र तल से करीब 3100 फीट ऊंचा है और यहां रोजाना बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं।
जयपुर में नौकरी करती है घायल युवती
घायल प्रीति ने बताया कि हादसा रविवार रात करीब 9:30 बजे हुआ। वह जयपुर में नौकरी करती है। मृतक हर्षित शर्मा चार दिन पहले दिल्ली गया था और रविवार सुबह ही जयपुर लौटने की जानकारी परिजनों को दी थी। लेकिन रात को उसका फोन नहीं लगा। हर्षित के पिता RTDC में कार्यरत हैं और उसके परिवार में एक भाई व एक बहन हैं। परिजनों का कहना है कि उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि हादसे के समय कार में हर्षित के साथ मौजूद दोनों युवतियां कौन थीं।
रात भर खाई में पड़ी रही कार
घायल युवती ने बताया कि हादसा रात में करीब साढ़े नौ बजे के करीब हुआ। वहीं, रेस्क्यू करने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि कार रात से ही खाई में पड़ी हुई थी। सोमवार सुबह उन्हें इसकी जानकारी मिली तो स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर गाड़ी को बाहर निकाला। दो लोगों की मौत हो चुकी थी। उनके शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाए गए। वहीं, एक युवती घायल थी, जिसे एंबुलेंस के जरिए तुरंत अस्पताल भिजवाया गया।
(सीकर से अमित शर्मा की रिपोर्ट)