1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. झुंझुनूं: पीड़ित ही निकला ₹14 लाख की लूट का मास्टरमाइंड, 250 CCTV देखने के बाद पुलिस ने खोली वाहिद की पोल

झुंझुनूं: पीड़ित ही निकला ₹14 लाख की लूट का मास्टरमाइंड, 250 CCTV देखने के बाद पुलिस ने खोली वाहिद की पोल

 Edited By: Shakti Singh
 Published : May 19, 2025 05:22 pm IST,  Updated : May 19, 2025 05:22 pm IST

पुलिस ने बताया कि वाहिद शादी के कर्ज से परेशान था। ऐसे में उसने लूट की झूठी साजिश रची और जयपुर से दो लुटेरे इस काम के लिए बुलाए थे। वाहिद ने दोनों को इसके लिए एक-एक लाख रुपये भी दिए थे।

Accused with police- India TV Hindi
पुलिस की गिुरफ्त में दोनों आरोपी Image Source : INDIA TV

राजस्थान के झुंझुनूं जिले में 14 लाख रुपये की कथित लूट की साजिश का खुलासा करते हुए पुलिस ने मास्टमाइंड सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस सनसनीखेज मामले का मास्टरमाइंड और कोई नहीं बल्कि खुद शिकायतकर्ता वाहिद निकला, जिसने शादी के कर्ज और आर्थिक दबाव से परेशान होकर यह फर्जी लूट की कहानी रची थी।

 
बिसाऊ क्षेत्र में महनसर रोड पर हुई इस घटना की जानकारी 6 मई 2025 को पुलिस को दी गई थी। परिवादी वाहिद पुत्र मोहम्मद उमर, निवासी रामगढ़ सेठान, ने रिपोर्ट में बताया कि वह झुंझुनूं से अनाज के 15 लाख रुपये लेकर रोडवेज बस से बिसाऊ आया। एक लाख रुपये ई-मित्र को देने के बाद बाकी 14 लाख रुपये उसने अपनी स्कूटी की डिग्गी में रखकर रामगढ़ शेखावाटी के लिए रवाना हुआ। रास्ते में दो अज्ञात बाइक सवार युवकों ने पिस्तौल दिखाकर उसकी स्कूटी, नकदी और मोबाइल फोन लूट लिए।

पूछताछ में हुआ खुलासा

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए कार्यवाहक एसपी देवेंद्र सिंह राजावत ने विशेष टीमें गठित कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे 250 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और कॉल डिटेल्स व लोकेशन के आधार पर गहन जांच की। जांच के दौरान पुलिस को संदेहास्पद गतिविधियों और कॉल डिटेल्स के आधार पर जयपुर ग्रामीण क्षेत्र के हिंगोनिया निवासी अयान पठान और उसके साथी ताहिर पठान तक पहुंच मिली। पुलिस ने अयान को गिरफ्तार कर सख्ती से पूछताछ की तो उसने खुलासा किया कि यह पूरा घटनाक्रम शिकायतकर्ता वाहिद की साजिश थी।

कर्ज के दबाव में की रची साजिश

अयान ने बताया कि वाहिद ने उसे और ताहिर को 2 लाख रुपये देने का वादा कर नकली लूट का ड्रामा रचवाया। स्कूटी की डिग्गी से सिर्फ 2 लाख रुपये ही निकाले गए, जबकि बाकी 12 लाख रुपये वाहिद ने पहले ही छिपा दिए थे। वाहिद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि वह रामगढ़ की अनाज मंडी में व्यापारी भवानी सिंह के यहां पिछले ढाई साल से अकाउंट्स का काम देख रहा था। आरोपी पर 10 लाख से अधिक का कर्ज था और छह महीने पहले हुई शादी के खर्च ने उसकी आर्थिक हालत और बिगाड़ दी थी। इसी दबाव में उसने यह अपराध रचा।

तीसरा आरोपी फरार

पुलिस ने अब तक दो आरोपियों वाहिद और अयान  को गिरफ्तार कर लिया है। तीसरा आरोपी ताहिर पठान अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें गुजरात और महाराष्ट्र में दबिश दे रही हैं। लूट में प्रयुक्त बाइक और शेष राशि की बरामदगी अभी बाकी है। इस घटना ने एक बार फिर यह दिखा दिया है कि आर्थिक तनाव और कर्ज किस हद तक इंसान को अपराध की ओर धकेल सकता है। पुलिस ने इस फर्जी लूट का पर्दाफाश कर एक बड़ी साजिश को समय रहते बेनकाब कर दिया।

(झुंझुनूं से अमित शर्मा की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।