राजस्थान के जोधपुर शहर में एक के बाद एक हादसे होने की घटनाएं सामने आ रही हैं। ताजा घटना बावड़ी के हरढाणी कस्बे की है जहां गैस सिलेंडर में ब्लास्ट होने से करीब 11 लोग घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि कस्बे में रहने वाले बिरमाराम नामक व्यक्ति के घर पर बेटे की शादी की तैयारियां चल रही थी। घर में रंग रोगन और छपरा लगाने के लिए वेल्डिंग की जा रही थी।
कैसे हुआ हादसा?
मिली जानकारी के अनुसार वेल्डिंग करने वाले व्यक्ति ने स्टूल की जगह गैस सिलेंडर को रखकर उस पर खड़ा हो गया और वेल्डिंग कर रहा था। तभी विवाह समारोह के लिए लाए गए अन्य गैस सिलेंडर भी वहां पर रखे हुए थे। उनमें से किसी एक सिलेंडर में रिसाव हो रहा था। इस दौरान वेल्डिंग की चिंगारी से अचानक धमाके के साथ सिलेंडर में ब्लास्ट हुआ। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। लोग अपनी जान बचाकर भागने लगे।
शरीर में घुसे लोहे के सिलेंडर के टुकड़े
ब्लास्ट हुए सिलेंडर के टुकड़े लोगों को लगे जिससे 11 लोग घायल हुए हैं। इनमें तीन की हालत गंभार हैं, उन्हें जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं, 8-9 लोगों को मथुरादास माथुर अस्पताल ले जाया गया, उनकी स्थिति ठीक बताई जा रही है। बताया जा रहा है उनके शरीर में लोहे के सिलेंडर के टुकड़े घुस गए थे।
मथुरादास माथुर अस्पताल के अधीक्षक डॉक्टर विकास राजपुरोहित ने बताया कि यहां लाए गए मरीजों की स्थिति खतरे से बाहर है, अधिकांश लोग सिलेंडर के टुकड़ों से चोटिल हुए हैं। वहीं, ग्रामीण डिप्टी एसपी भोपाल सिंह लखावत का कहना है कि इस घटना के बाद तुरंत लोगों को अस्पताल लाया गया जहां इनका इलाज जारी है और मामले की जांच की जा रही है।
एमडीएम में लाए घायलों के नाम-
गणपत पुत्र अन्नाराम मेघवाल, छोटू सिंह पुत्र नरपत सिंह राजपूत, गणेश पुत्र बाबूराम जाट, ओमाराम पुत्र अचलाराम जाट, रामदास पुत्र केवल दास वैष्णव, दिनेश पुत्र श्रवण राम बावरी, राकेश पुत्र दीनाराम मेघवाल, सुनील पुत्र पुनाराम जाट।
एमजीएच में लाए गए घायल-
अजमाल सिंह और बुद्धाराम (यह दोनों झुलसे हुए है।)
बड़ी जनहानि टली
गांव के लोगों का कहना है कि अगर ब्लास्ट कुछ ही सेकंड पहले या बाद में हुआ होता तो बड़ी जनहानि हो सकती थी, क्योंकि थोड़ी ही देर में शादी समारोह में मेहमानों के पहुंचने का समय था। फिलहाल पूरे क्षेत्र में डर और अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।
(रिपोर्ट- चंद्रशेखर व्यास)
यह भी पढ़ें-
Video: विवाद के बाद पत्नी छोड़कर मायके गई तो खुद पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, 80% से ज्यादा जला, मौत