जोधपुर के मंडोर, लाल सागर, सुरपुरा और आसपास के इलाकों में मंगलवार रात करीब 8 बजे अचानक हुए जोरदार धमाके और कंपन से लोगों में अफरातफरी मच गई। तेज आवाज सुनते ही लोग घरों से बाहर निकल आए। कई लोगों को लगा कि कहीं कोई बड़ा विस्फोट हुआ है, जबकि कुछ को भूकंप आने का भ्रम हुआ। देखते ही देखते पूरे इलाके में दहशत का माहौल फैल गया।
कंट्रोल रूम की बजने लगी घंटियां
धमाके की आवाज सुनकर मंडोर पुलिस थाने और कंट्रोल रूम में फोन की घंटियां लगातार बजने लगीं। घबराए हुए लोग जानकारी लेने के लिए पुलिस को कॉल कर रहे थे। हाल ही में हुई विस्फोटक घटनाओं के चलते शहरवासियों की चिंता और भी बढ़ गई थी। पुलिस और खुफिया एजेंसियां तुरंत सक्रिय हुईं और घटनास्थलों की जांच शुरू कर दी।
फाइटर जेट की रूटीन उड़ान की थी आवाज
थोड़ी ही देर में स्थिति स्पष्ट हुई, जब भारतीय वायुसेना की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मौजूद आधिकारिक अकाउंट IDU से बताया गया कि यह आवाज फाइटर जेट की रूटीन उड़ान के दौरान उत्पन्न सोनिक बूम की थी। एयरफोर्स के एक फाइटर विमान ने रूटीन शॉर्टी (ट्रेनिंग मिशन) के दौरान ध्वनि की गति से तेज उड़ान भरी, जिससे यह धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। किसी प्रकार का विस्फोट या भूकंप नहीं हुआ था।
जानिए क्या है सोनिक बूम?
विशेषज्ञों के अनुसार, जब कोई विमान ध्वनि की गति (लगभग 1,235 किमी प्रति घंटा) से अधिक गति प्राप्त करता है तो हवा में एक शक्तिशाली दबाव तरंग बनती है। यह तरंग जमीन तक पहुंचने पर सोनिक बूम कहलाती है, जो धमाके जैसी तेज आवाज उत्पन्न करती है।
प्रशासन ने लोगों से की खास अपील
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे ऐसे सैन्य अभ्यासों के दौरान घबराएं नहीं, क्योंकि यह वायुसेना की सामान्य प्रशिक्षण प्रक्रिया का हिस्सा है। हालांकि, मंगलवार रात की यह घटना जोधपुरवासियों के लिए कुछ पलों के लिए असमंजस और दहशत भरा अनुभव बन गई।
व्यास चंद्र शेखर की रिपोर्ट