1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. 'मैं परिवार की कसौटी पर नहीं उतरा खरा', कोटा में NEET एग्जाम देने से पहले स्टूडेंट ने हॉस्टल से कूद कर दी जान

'मैं परिवार की कसौटी पर नहीं उतरा खरा', कोटा में NEET एग्जाम देने से पहले स्टूडेंट ने हॉस्टल से कूद कर दी जान

 Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : May 03, 2026 09:27 pm IST,  Updated : May 03, 2026 09:33 pm IST

हॉस्टल की छठी मंजिल से कूदकर गिरने से नीट छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक छात्र उत्तराखंड का रहने वाला है। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है।

NEET स्टूेडेंट ने हॉस्टल से कूदकर दी जान- India TV Hindi
NEET स्टूेडेंट ने हॉस्टल से कूदकर दी जान Image Source : REPORTER INPUT

राजस्थान के कोटा के कुन्हाड़ी इलाके में कोचिंग स्टूडेंट के हॉस्टल से कूदने का सीसीटीवी फुटेज सामने आया हैं। पहले पुलिस इसे हादसा मान रही थी लेकिन सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने आत्महत्या की दिशा में जांच शुरू की हैं। मृतक छात्र द्वारा आत्महत्या से पूर्व लिखा एक सुसाइड नोट भी मिला हैं। जिसमें उसने लिखा हैं कि मैं परिवार की कसौटी पर खरा नहीं उतरा। ऐसी पढ़ाई नहीं कर पाया जिससे NEET में सेलेक्ट हो सकूं। 

परीक्षा से एक दिन पहले हॉस्टल की छत से कूदा छात्र

पुलिस ने रविवार को मृतक छात्र दीक्षित के परिजनों के उत्तराखंड से कोटा पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। छात्र का आज नीट के एग्जाम था, लेकिन परीक्षा से एक दिन पहले ही छात्र हॉस्टल की छठी मंजिल से कूद गया। छात्र के पिता भूपेंद्र प्रसाद के मुताबिक दीक्षित को कोई टेंशन नहीं थी, उससे आखिरी बार बात 1 मई को हुई थी। पढ़ाई में भी वो बहुत अच्छा था। मृतक स्टूडेंट दीक्षित (20) करीब 1 साल से कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र के लैंडमार्क एरिया में मातेश्वरी हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। वह उत्तराखंड के अल्मोड़ा का रहने वाला था।

कुछ देर पहले पानी की बोतल भरते हुए दिखा

सामने आए सीसीटीवी फुटेज में कोचिंग स्टूडेंट दीक्षित शनिवार सुबह 5 बजे हॉस्टल के गलियारे में घूमते हुए नजर आ रहा है। कान में हैडफोन लगाकर टहलता दिख रहा है। इस दौरान पानी की बोतल भी भरता है। कुछ देर बाद अचानक छठी मंजिल से कूदकर सुसाइड कर लिया। दीक्षित काफी देर तक नीचे पड़ा रहा। हॉस्टल स्टाफ ने बाहर देखा तब स्टूडेंट के नीचे गिरने का पता चला। उसे तुरंत हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। कोचिंग स्टूडेंट के पिता भूपेंद्र प्रसाद ने बताया कि मेरी दीक्षित से आखिरी बार बात 1 मई को हुई थी। तब वह नॉर्मल बात कर रहा था। उसे किसी भी प्रकार की कोई टेंशन नहीं थी। पढ़ाई में भी वह काफी अच्छा था। कोटा में उसे 2 साल हो गए थे। पहले 1 साल किसी दूसरे हॉस्टल में था और पिछले 1 साल से मातेश्वरी हॉस्टल में रह रहा था।

पूरा हो गया था 2 साल का कोर्स

भूपेंद्र प्रसाद ने बताया कि रविवार को उसका नीट का एग्जाम था। मैं उसे लेने ही आने वाला था। उसका 2 साल का कोर्स पूरा हो गया था, लेकिन उससे पहले ही सुसाइड कर लिया, मेरे तीन बेटे हैं। दीक्षित सबसे छोटा था। उसे किसी भी प्रकार की कोई टेंशन नहीं थी। उसने क्यों ऐसा कदम उठाया यह समझ से परे है। 

सामने आया सीसीटीवी फुटेज

थानाधिकारी देवेश भारद्वाज ने बताया कि शनिवार सुबह एक कोचिंग स्टूडेंट के हॉस्टल की छठी मंजिल से गिरने की सूचना मिली थी। प्रथम दृष्टया ऐसा लग रहा था कि वह गिरा है। हॉस्टल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो पता लगा कि उसने सुसाइड किया है। 

कोटा से दिनेश कश्यप की रिपोर्ट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।