सांगोद: पुलवामा हमले में शहीद सीआरपीएफ जवान हेमराज के घर पर पहली बार जश्न का माहौल था। शहीद की पत्नी वीरांगना मधुबाला सहित पूरे परिवार में बेटी की शादी खुशियां थीं। पति का साया सिर से उठने के बाद लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने न सिर्फ परिवार को संबल दिया बल्कि भाई के तौर पर दिया अपना वचन भी निभाया। आज जब बेटी की शादी का वक्त आया तो वे भाई का रिश्ता निभाते हुए अपनी बहन के घर मायरा (भात) लेकर पहुंचे और मायरे की इस अनूठी रस्म को निभाया। वीरांगना मधुबाला और "भाई" के इस भावनात्मक संबंध को देख यहां मौजूद हर कोई भाव विभोर हो उठा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला पुलवामा शहीद हेमराज मीणा की बेटी की शादी में मायरा लेकर पहुंचे थे।
दुख से टूटे परिवार को दिया संबल
पुलवामा हमले के बाद शहीद हेमराज की शहादत से परिवार पर दुःख और मुसीबत का पहाड़ टूट पड़ा था। मुसीबतों में घिरे परिवार को उस वक्त स्पीकर बिरला ने सम्बल प्रदान किया। बिरला ने उस रोज मधुबाला का भाई बनकर परिवार की हर जिम्मेदारी उठाने और उनके हर सुख दुख में साथ देने का वादा किया। बीते छह साल में राखी और भाई दूज पर वीरांगना मधुबाला ने उन्हें राखी बांधी और तिलक किए। शहीद हेमराज और वीरांगना मधुबाला की बेटी की शादी का मौका आया तो एक फिर से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला शहीद के परिवार के साथ खड़े नजर आए।

भाई ने ओढाई चुनरी, बहन ने किया तिलक
सांगोद में आयोजित कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के साथ सांगोद विधायक एवं राजस्थान के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने वीरांगना मधुबाला को मायरा पहनाया। इस दौरान रीति रिवाज के अनुसार स्पीकर बिरला ने वीरांगना मधुबाला को चुनरी ओढाई तो वहीं बहन ने बत्तीसी भी झिलाई और स्पीकर बिरला का तिलक व आरती की। स्पीकर बिरला ने शहीद हेमराज मीणा की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान वीरांगना मधुबाला, स्पीकर बिरला व मौजूद सभी परिवार जन शहीद हेमराज को याद कर भावुक हो उठे।