1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. ठेले वाले जूस में मांस का टुकड़ा मिलाने का आरोप, भीड़ ने दुकानदार को पीटा

ठेले वाले जूस में मांस का टुकड़ा मिलाने का आरोप, भीड़ ने दुकानदार को पीटा

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Jun 15, 2026 11:05 pm IST,  Updated : Jun 15, 2026 11:05 pm IST

भरतपुर में भीड़ ने एक ठेले वाले को पीट दिया। आरोप है कि उसने जूस में मांस का टुकड़ा मिला दिया। फिलहाल पुलिस ने हालात पर काबू पा लिया है।

जूस में मांस का टुकड़ा मिलाने का आरोप लगाकर पीटा।- India TV Hindi
जूस में मांस का टुकड़ा मिलाने का आरोप लगाकर पीटा। Image Source : REPORTER INPUT

भरतपुर: जिले के मथुरा गेट थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां लुपिन चौराहे के पास सोमवार को एक जूस की दुकान पर मांस का टुकड़ा मिलने की अफवाह फैल गई। देखते ही देखते इलाके में माहौल तनावपूर्ण हो गया। थोड़ी ही देर में बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए और हंगामा शुरू हो गया। स्थिति बिगडने पर पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा। इस दौरान दुकान संचालक और उसके पक्ष में आए एक युवक को भीड़ ने पीट दिया। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद एक युवक को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। घटना के बाद क्षेत्र में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।

जूस में मांस का टुकड़ा मिलाने का आरोप

जानकारी के अनुसार एक युवक जूस पीने के लिए दुकान पर पहुंचा था। जूस पीते समय उसे गिलास में एक ऐसा टुकड़ा मिला, जो जूस में घुल नहीं रहा था। युवक ने दुकान संचालक से इसके बारे में पूछताछ की, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उसने टुकड़े को मांस का बताते हुए विरोध जताया। इसके बाद मामला तेजी से फैल गया और लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना मिलने पर बजरंग दल के कार्यकर्ता भी वहां पहुंच गए। आरोप है कि इस दौरान दुकान पर हंगामा हुआ और दुकान संचालक के साथ मारपीट की गई। भीड़ के कुछ लोगों ने दुकान में तोडफोड़ भी की। हालात बिगड़ते देख मथुरा गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस की मौजूदगी में भी विवाद थमता नजर नहीं आया। 

जांच के लिए भेजा गया संदिग्ध पदार्थ

बजरंग दल जिला संयोजक शुभम सैंथरा ने आरोप लगाया कि संबंधित दुकान पर नाम नहीं लिखा हुआ था और इस संबंध में पहले भी आपत्ति जताई गई थी। उनका कहना है कि मौके पर जूस पी रहे एक व्यक्ति को संदिग्ध टुकड़ा मिला, जिसके बाद विवाद शुरू हुआ। सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव, सीओ सिटी आशिमा वासवानी, मथुरा गेट थाना प्रभारी हरलाल मीणा, कोतवाली थाना प्रभारी सहित आरएसी और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति को नियंत्रित किया। बाद में एफएसएल टीम को बुलाकर संदिग्ध पदार्थ के नमूने जांच के लिए भेजे गए। मथुरा गेट थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद पदार्थ क्या था। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। (इनपुट- कपिल चीमा)

यह भी पढ़ें-

नर्मदापुरम में दर्दनाक हादसा! तेज रफ्तार बोलेरो पलटने से 5 लोगों की मौत, दो की हालत गंभीर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।