1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. भरतपुर में PM मोदी ने कहा- कुछ लोग खुद को जादूगर कहते हैं, अब जनता बोल रही '3 दिसंबर, कांग्रेस छू-मंतर'

भरतपुर में PM मोदी ने कहा- कुछ लोग खुद को जादूगर कहते हैं, अब जनता बोल रही '3 दिसंबर, कांग्रेस छू-मंतर'

 Edited By: Amar Deep
 Published : Nov 18, 2023 01:11 pm IST,  Updated : Nov 18, 2023 01:42 pm IST

राजस्थान के भरतपुर में पीएम मोदी ने एक जनसभा में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग खुद को जादुगर कहते हैं। उन्हें अब जनता कह रही है 'तीन दिसंबर कांग्रेस छू-मंतर'।

भरतपुर में पीएम मोदी ने की चुनावी रैली।- India TV Hindi
भरतपुर में पीएम मोदी ने की चुनावी रैली। Image Source : PTI

भरतपुर: राजस्थान विधानसभा चुनाव को लेकर सभी दलों द्वारा चुनाव प्रचार जोर-शोर से किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भरतपुर में चुनावी रैली को संबोधित करने पहुंचे हैं। इस रैली से पीएम मोदी ने भरतपुर संभाग की 19 सीटों को साधने का प्रयास किया। वहीं जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा कि कुछ लोग खुद को जादूगर कहते हैं। उन्हें अब जनता कह रही है '3 दिसंबर कांग्रेस छू-मंतर'। बता दें कि राज्य की सभी 200 विधासभा सीटों के लिए चुनाव का आयोजन एक ही चरण में 25 नवंबर को किया जाएगा। इस बीच राज्य में जमकर चुनाव प्रचार किया जा रहा है। सत्ताधारी कांग्रेस हो या फिर बीजेपी समेत दूसरी पार्टियां सभी फुल एक्शन मोड पर हैं। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही राज्य में जीत का दावा कर रही है।

कांग्रेस जहां भी जाती है बर्बादी लाती है

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि राजस्थान में बीते पांच वर्ष में हुआ क्या? यहां की बर्बादी के पीछे कौन है? कांग्रेस ने राजस्थान को गरीबी, अपराध और दंगों में अग्रणी बना दिया है। उन्होंने कहा कि जनता कह रही है जादूगर जी को नहीं मिले वोट जी। कांग्रेस की जिम्मेदारी थी कि आम जनता के जान माल की सुरक्षा करे लेकिन बीते पांच वर्षों में दलितों और महिलाओं पर सबसे ज्यादा अत्याचार हुआ। हनुमान जयंती हो या होली कोई भी त्यौहार शांति से नहीं मना पाए। कर्फ्यू, दंगे यही सब चलता रहा। कांग्रेस जहां भी आती है बर्बादी लाती है। वहां आतंकवाद और गुंडागर्दी, अपराध बेलगाम हो जाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए तुष्टिकरण ही सब कुछ है। जनता के जीवन को दांव पर लगाकर भी कांग्रेस तुष्टिकरण करती है।

गिरी हुई है कांग्रेस की सोच

पीएम मोदी ने अपनी जनसभा में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर भी हमला किया। अशोक गहलोत को लेकर पीएम मोदी ने कहा कि जो मुख्यमंत्री कहे कि महिलाएं रेप के फर्जी मामले दर्ज करवाती हैं, वो क्या महिलाओं की सुरक्षा करेगा। ये कांग्रेस के नेताओं को हो क्या गया है... ऐसे जादूगर को क्या एक मिनट भी कुर्सी पर रहने का हक है क्या? अब उनकी विदाई होनी चाहिए की नहीं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को लेकर कांग्रेस की सोच कितनी गिरी हुई है, ये उनके बयान से पता चलता है। आगे पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के एक मंत्री ने कहा कि रेप इसलिए हो रहा क्योंकि राजस्थान मर्दों का प्रदेश है। कांग्रेस के नेताओं को ऐसी सोच के लिए डूब मरना चाहिए। यहां के मर्द बहन-बेटियों की इज्जत को बचाने के लिए पीछे नहीं हटते। कांग्रेस के जादूगर के प्रिय मंत्री को ऐसे बयान के लिए शर्म आनी चाहिए।

दुनिया में बज रहा भारत का डंका

पीएम मोदी ने कहा कि हम दुनिया की पांचवें नंबर की आर्थिक ताकत बन गए हैं। बहुत जल्द हम तीसरे नंबर की अर्थव्यवस्था बनेंगे। साथ ही चंद्रयान को लेकर उन्होंने कहा कि चंद्रयान वहां पहुंचा जहां कोई देश पहुंच नहीं पाया। जी-20 को एक उपलब्धि के तौर पर बताते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत में जी-20 का सफलता पूर्वक आयोजन हुआ। इससे देश ही नहीं बल्कि दुनिया में भी भारत का डंका बज रहा है। उन्होंने कहा कि ये सभी कुछ मोदी के कारण नहीं बल्कि आपके एक वोट के कारण हो रहा है। आपके एक वोट ने दिल्ली में स्थिर सरकार बनाई, इसलिए भारत हर जगह जीत रहा है।

यह भी पढ़ें- 

मंच पर सम्मान में दी बजरंग बली की मूर्ति और गदा, वहीं छोड़ गईं प्रियंका गांधी; सामने आया VIDEO

मिजोरम में बड़ा विरोध प्रदर्शन, 19 हजार स्टूडेंट्स को छात्रवृत्ति तुरंत देने की मांग

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।