Saturday, February 28, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. राजस्थान स्कूल हादसा मामले में राहुल गांधी की मांग, बोले- दोषियों को दी जाए कड़ी सजा

राजस्थान स्कूल हादसा मामले में राहुल गांधी की मांग, बोले- दोषियों को दी जाए कड़ी सजा

Edited By: Avinash Rai @RaisahabUp61 Published : Jul 26, 2025 11:44 am IST, Updated : Jul 26, 2025 11:44 am IST

राजस्थान के झालावाड़ में शुक्रवार को एक स्कूल की इमारत ढह गई थी। इस हादसे में 7 बच्चों की अब तक मौत हो चुकी है। इसे लेकर कांग्रेस पार्टी के नेता राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

Rahul Gandhi demand in Rajasthan school accident case said the culprits should be given severe punis- India TV Hindi
Image Source : PTI राहुल गांधी

कांग्रेस ने राजस्थान के झालावाड़ में एक सरकारी स्कूल की इमारत का एक हिस्सा ढहने से हु‍ई सात बच्चों की मौत को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा और राहुल गांधी ने मामले की जांच किए जाने एवं दोषियों को कड़ी सजा दिए जाने की मांग की। यह घटना जिले के मनोहरथाना ब्लॉक के पीपलोदी सरकारी स्कूल में हुई। बच्चे सुबह की प्रार्थना के लिए इकट्ठा हो रहे थे तभी छठी और सातवीं कक्षा की छत गिरने से इमारत का एक हिस्सा ढह गया, जिसमें लगभग 35 बच्चे दब गए। इस हादसे में सात बच्चों की मौत हो गई जबकि 27 लोग घायल हो गए। इस हादसे में कान्हा (छह), पायल (12), हरीश (आठ), प्रियंका (12), कुंदन (12), कार्तिक और मीना (12) की मौत हो गई। 

मल्लिकार्जुन खरगे ने साधा निशाना

कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक ‘पोस्ट’ में कहा कि राजस्थान के झालावाड़ में सरकारी स्कूल की छत गिरने से कई मासूम बच्चों की जान चले जाना ‘‘बेहद पीड़ादायक और शर्मनाक’’ घटना है। उन्होंने कहा, ‘‘शिकायतें मिलने के बावजूद जो सरकार देश के भविष्य- हमारे बच्चों के विद्यालयों की छत की मरम्मत नहीं करवा सकती, वह ‘विकसित भारत’ के बड़े-बड़े सपने दिखाती है।’’ खरगे ने कहा कि बीते दिन की एक खबर के मुताबिक, दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के एक स्कूल में इतना पानी भर गया कि खुद शिक्षकों को नर्सरी के बच्चों को सुरक्षित जगह पर पहुंचाना पड़ा। उन्होंने कहा कि आज खबर आई है कि जोधपुर में एक स्कूल का भवन इतना जर्जर हो गया है कि बच्चे नीम के पेड़ के नीचे पढ़ने को मजबूर हैं। 

क्या बोले राहुल गांधी

इसके अलावा पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी इस घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘राजस्थान के झालावाड़ में सरकारी स्कूल की छत गिरने से कई मासूम बच्चों की मौत और कई अन्य का घायल होना बेहद दुखद और चिंताजनक है।’’ गांधी ने कहा, ‘‘मीडिया में जारी खबरों के मुताबिक, जर्जर विद्यालयों की शिकायतों को सरकार ने अनदेखा किया जिसके कारण इन मासूमों की जान चली गई। इनमें से अधिकांश बच्चे बहुजन समाज के थे। क्या भाजपा सरकार के लिए उनकी जान की कोई कीमत नहीं है?’’ उन्होंने कहा, ‘‘इस घटना की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों को सख्त से सख्त सजा दी जाए।’’ 

(इनपुट-भाषा)

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement