1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का कहर, तीन गाड़ियों के उड़े परखच्चे, सरकारी बाबू समेत 2 की मौत, 9 घायल

तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का कहर, तीन गाड़ियों के उड़े परखच्चे, सरकारी बाबू समेत 2 की मौत, 9 घायल

 Published : Mar 05, 2025 08:07 am IST,  Updated : Mar 05, 2025 02:26 pm IST

राजस्थान के चूरू जिले में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का कहर देखने को मिला है। इस हादसे में तीन गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए हैं और सरकारी बाबू समेत 2 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, 9 लोग घायल भी हुए हैं।

सांकेतिक फोटो।- India TV Hindi
सांकेतिक फोटो। Image Source : PTI

राजस्थान के चूरू जिले में हादसे की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। चूरू जिले में NH-52 के ऊंटवालियां चौराहे पर मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में सरकारी बाबू समेत दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, इस हादसे में 9 लोग घायल हो गए। ये भीषण हादसा तब हुआ जब तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने एक बाइक को टक्कर मार दी। इसके बाद स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई और सड़क किनारे खड़ी कार से जा टकराई।

मृतकों की पहचान सामने आई

सदर थाने के हेड कॉन्स्टेबल मनोज कुमार ने बताया कि रू जिले में NH-52 के ऊंटवालियां चौराहे पर हुए इस भीषण हादसे में बिसाऊ निवासी बरकत (35) और सीकर के रामनगर निवासी रेशम कंवर (75) की मौत हो गई है। बरकत घंटेल गांव के सरकारी स्कूल में UDC (अपर डिवीजन क्लर्क) थे।

 
घायल लोगों की सूची

इस हादसे में 9 लोग घायल हो गए हैं। इन सभी का इलाज चूरू के डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्डमें किया जा रहा है। घायलों में चंडीगढ़ निवासी इनी (21), नेहाष (20), आयुष (25), रिदम (20), खुशी (19), अभिषेक (22), अरुण (20) तथा सीकर निवासी समंदर सिंह (78), अमृत (14) शामिल हैं।
 
कैसे हुआ हादसा?

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चंडीगढ़ निवासी स्कॉर्पियो सवार सालासर बालाजी के दर्शन कर घर लौट रहे थे। वहीं, कार में सवार तीन लोग सीकर से धार्मिक स्थल जा रहे थे। ऊंटवालियां चौराहे पर सामने आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार बरकत की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद स्कॉर्पियो पलटी खाते हुए सड़क किनारे खड़ी कार से जा भिड़ गई। हादसा इतना भीषण था कि तीनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और उनके परखच्चे उड़ गए।
 
पुलिस ने संभाला मोर्चा

इस हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की टीम घायलों का इलाज कर रही है, जबकि मृतकों के शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। (रिपोर्ट: अमित शर्मा​)

ये भी पढ़ें- पहले की दोस्ती, फिर कॉफी में नशीला पदार्थ मिलाकर किया बलात्कार, पुलिस ने 8 आरोपियों को किया गिरफ्तार

सीकर में नेशनल बैडमिंटन प्लेयर पर तलवार से हमला, खून से सनी सड़क; दिल दहला देने वाला CCTV फुटेज आया सामने

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।