1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. Rajasthan Election: कांग्रेस काट सकती है कई विधायकों और मंत्रियों के टिकट, जानें कब जारी होगी प्रत्याशियों की लिस्ट

Rajasthan Election: कांग्रेस काट सकती है कई विधायकों और मंत्रियों के टिकट, जानें कब जारी होगी प्रत्याशियों की लिस्ट

 Reported By: Vijai Laxmi Edited By: Subhash Kumar
 Published : Oct 16, 2023 05:37 pm IST,  Updated : Oct 16, 2023 05:37 pm IST

राजस्थान विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट पहले ही जारी कर दी है। अब खबर है कि कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति भी 18 अक्टूबर को दिल्ली में टिकट बंटवारे को लेकर बैठक करने वाली है।

सांकेतिक फोटो। - India TV Hindi
सांकेतिक फोटो। Image Source : ANI

राजस्थान विधानभा चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों ने कमर कस ली है। भाजपा ने राज्य चुनाव के लिए प्रत्याशियों की पहली सूची भी जारी कर दी है। वहीं, अब कांग्रेस की ओर से भी चुनाव के प्रत्याशियों का ऐलान किया जा सकता है। जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस की ओर से राजस्थान की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक 18 अक्टूबर को दिल्ली में आयोजित की जाएगी। इस बैठक में कई बड़े फैसले लिए जा सकते हैं, आइए जानते हैं उनके बारे में।

कट सकते हैं कई के टिकट

कांग्रेस पार्टी राजस्थान में कई मौजूदा विधायकों के टिकट काट सकती है जिसमे कुछ मौजूदा मंत्री भी शामिल हैं। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस के एक सर्वे में सुझाव दिया गया है की पार्टी को चुनावी मैदान में कम से कम 50% नए उम्मीदवार उतारने चाहिए। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी 15 से 30 मौजूदा विधायकों के टिकट काट सकती है। इनमें 4 के करीब मंत्रियों के भी टिकट कटने की संभावना है। 

पार्टी ने कराया सर्वे
कांग्रेस पार्टी द्वारा राजस्थान विधानसभा चुनाव को लेकर कुल 5 सर्वे किए हैं। सीएम गहलोत की ओर से विधायकों की परफॉर्मेंस, सरकार के कामकाज, सरकार की योजनाओं का वोटर पर असर और पार्टी के कार्यकर्ताओं को लेकर कुल 4 सर्वे कराए गए हैं। वहीं, एक सर्वे कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व की ओर से भी करवाया गया है। इन्ही सर्वे के आधार पर उम्मीदवारों को टिकट बांटा जाएगा। हालांकि, कांग्रेस साल 1985 में भी ऐसा प्रयोग कर के विधायकों का टिकट काट चुकी है, लेकिन तब पार्टी को नुकसान झेलना पड़ा था। 

भाजपा की पहली लिस्ट पहले ही जारी
राजस्थान विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट पहले ही जारी कर दी है। भाजपा ने इस लिस्ट में 7 सांसदों को टिकट दिया है। पार्टी ने  सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौर को झोटवाड़ा से टिकट दिया है। वहीं, पार्टी ने मंडावा सीट से नरेंद्र कुमार, विद्याधर नगर सीट से सांसद दिया कुमारी, तिजारा से सांसद बाबा बालक नाथ, सवाई माधोपुर से सांसद किरोड़ी लाल मीणा, सांचोर से देवजी पटेल और किशनगढ़ से सांसद भागीरथ पटेल को टिकट दिया है। 

ये भी पढ़ें- मिजोरम चुनाव के लिए कांग्रेस ने जारी की उम्मीदवारों की सूची, राज्य में राहुल गांधी ने की रैली

ये भी पढ़ें- Rajasthan Election BJP Candidate List: भाजपा ने जारी की उम्मीदवारों की पहली सूची, इन 7 सांसदों को मिला टिकट

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।