1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. राजस्थान में दर्दनाक हादसा: दूल्हा-दुल्हन और उनके परिजन सड़क हादसे का शिकार, 8 की मौत

राजस्थान में दर्दनाक हादसा: दूल्हा-दुल्हन और उनके परिजन सड़क हादसे का शिकार, 8 की मौत

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 13, 2020 10:44 am IST,  Updated : Dec 13, 2020 10:47 am IST

मध्य प्रदेश से राजस्थान दर्शन करने गए नवविवाहितों के जोड़े और उनके परिजन लौटते समय हादसे का शिकार हो गए। इस हादसे में आठ लोगों की मौत हुई है।

राजस्थान:...- India TV Hindi
राजस्थान: दूल्हा-दुल्हन और उनके परिजन लौटते समय सड़क हादसे का शिकार, 8 की मौत Image Source : SOCIAL MEDIA

भोपाल: मध्य प्रदेश से राजस्थान दर्शन करने गए नवविवाहितों के जोड़े और उनके परिजन लौटते समय हादसे का शिकार हो गए। इस हादसे में आठ लोगों की मौत हुई है। हादसे पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शोक जताया है। बताया गया है कि रतलाम जिले के ताल तहसील के आक्याकलां गांव के तीन नवविवाहित जोड़े और उनके परिजन राजस्थान के श्री सांवलिया सेठ के मंदिर दर्शन के लिए गए थे। शनिवार की रात को घर लौटते समय उनका तूफान वाहन हादसे का शिकार हो गया। वाहन में कुल 18 लोग सवार थे।

यह हादसा चित्तौड़गढ़ के सादलखेड़ा के करीब हुआ। जहां तूफान वाहन की कंटेनर से टक्कर हुई। इस हादसे में आठ की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 11 घायल हुए। जानकारी के मुताबिक, रतलाम के ताल तहसील स्थित आक्याकलां गांव के रहने वाले शंकरलाल के बेटे शिवनारायण और बेटी हवाकुंवर की शादी 7 दिसंबर को हुई थी। इसके अलावा गांव के ही सत्यनारायण मालवीय की शादी 11 दिसंबर को हुई थी। तीनों जोड़े परिवार समेत शनिवार को दर्शन के लिए श्री सांवलिया सेठ के मंदिर गए थे।

लौटते समय जीप बेकाबू होकर कंटेनर में घुस गई। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि कंटेनर जीप को सड़क पर 20 मीटर और उसके बाद 5 फीट खाई में और घसीटता गया। फिर उसके ऊपर चढ़ गया। जीप सवार 17-18 लोग जीप और ट्रेलर के नीचे दब गए। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला जा सका। इनमें से 5 शव बुरी तरह पिचक गए थे। अब तक कुल 8 लोगों की मौत की खबर है।

इस हादसे पर मुख्यमंत्री चौहान ने दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है निकुम्भ, जिला चित्तौड़गढ़, राजस्थान में रतलाम निवासी आठ लोगों की सड़क दुर्घटना में मृत्य होने का दु:खद समाचार मिला है। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दिवंगत आत्माओं को शांति दें, उनके परिवार के सदस्यों को यह दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करें और घायलों को शीघ्र ही पूर्ण स्वस्थ करें।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।