1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. राजस्थान में कोरोना से 3 और लोगों की मौत, 1675 नए केस मिले

राजस्थान में कोरोना से 3 और लोगों की मौत, 1675 नए केस मिले

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 03, 2021 08:20 pm IST,  Updated : Apr 03, 2021 08:20 pm IST

राजस्थान में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 1675 नये मामले आये जिससे राज्य में संक्रमितों की अब तक की कुल संख्या बढ़कर 3,37,596 हो गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

राजस्थान में कोरोना से 3 और लोगों की मौत, 1675 नए केस मिले- India TV Hindi
राजस्थान में कोरोना से 3 और लोगों की मौत, 1675 नए केस मिले Image Source : PTI

जयपुर: राजस्थान में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 1675 नये मामले आये जिससे राज्य में संक्रमितों की अब तक की कुल संख्या बढ़कर 3,37,596 हो गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। राज्य में इस घातक संक्रमण में तीन और लोगों की मौत हो गई जिससे मरने वालों की संख्या बढ़कर 2827 तक पहुंच गई। फिलहाल, राजस्थान में कोविड-19 के 11738 मरीज उपचाराधीन हैं। 

अधिकारियों ने बताया कि नये मामलों में कोटा में 199, जयपुर में 367, जोधपुर में 195, उदयपुर में 128, डूंगरपुर में 113, अजमेर में 60, भीलवाड़ा में 71, चित्तौड़गढ़ में 64, सिरोही में 55, राजसमंद में 54, अलवर में 50 नये संक्रमित शामिल हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में 418 और कोरोना वायरस संक्रमित ठीक हुए, जिसके साथ ही अब तक कुल 3,23,031 मरीज ठीक हो चुके हैं। 

राज्य में इस घातक संक्रमण से शनिवार को कोटा, सीकर व बांसवाड़ा में एक-एक और मरीज की मौत हो गई। राज्य में अब तक कुल 2827 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें जयपुर में 523, जोधपुर में 308, अजमेर में 226, कोटा में 171, बीकानेर में 167 उदयपुर में 130 भरतपुर में 120, पाली में 109 और सीकर में 102 संक्रमितों की मौत हो चुकी हैं।

देशभर में 89129 नए केस मिले, 714 मरीजों की मौत

भारत में शनिवार को कोविड-19 के 89,129 नए मामले दर्ज किए गए जो करीब साढ़े छह महीने में संक्रमण के एक दिन में आए सर्वाधिक मामले हैं। इसके साथ ही देश में संक्रमण के मामले बढ़कर 1.23 करोड़ हो गए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी। एक दिन में इस महामारी से 714 लोगों की मृत्यु हो जाने से मृतकों की संख्या बढ़कर 1,64,110 हो गई है। कोविड-19 से एक दिन में मरने वाले लोगों की 21 अक्टूबर के बाद से यह सबसे अधिक संख्या है। 

पिछले साल 20 सितंबर के बाद से शनिवार को आए संक्रमण के नए मामले सबसे अधिक हैं। तब 24 घंटे में 92,605 नए मामले आए थे। आंकड़ों के अनुसार, कोरोना वायरस के तेजी से बढ़ते मामलों के साथ देश में इस बीमारी का इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में भी लगातार 24वें दिन वृद्धि दर्ज की गई है। अब भी 6,58,909 लोग इस बीमारी का इलाज करा रहे है जो संक्रमण के कुल मामलों का 5.32 प्रतिशत है। स्वस्थ होने वाले लोगों की दर गिरकर 93.36 प्रतिशत हो गई है। 

देश में इलाज करा रहे संक्रमितों की सबसे कम संख्या 12 फरवरी को थी जब 1,35,926 लोग उपचाराधीन थे और यह संक्रमण के कुल मामलों का 1.25 प्रतिशत था। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक इस बीमारी से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 1,15,69,241 हो गई है जबकि मृत्यु दर गिरकर 1.32 प्रतिशत हो गई है। 

बीते 24 घंटे में जिन 714 लोगों की मौत हुई है उनमें से 481 की महाराष्ट्र, 57 की पंजाब, 43 की छत्तीसगढ़, 16-16 लोगों की उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश, 14-14 लोगों की केरल और दिल्ली, 12 लोगों की तमिलनाडु, 11 की गुजरात और 10 लोगों की मौत हरियाणा में हुई। देश में इस वैश्विक महामारी से अब तक 1,64,110 लोगों की मौत हुई है। 

इनमें से महाराष्ट्र में 55,379, तमिलनाडु में 12,750, कर्नाटक में 12,591, दिल्ली में 11,050, पश्चिम बंगाल में 10,335, उत्तर प्रदेश में 8,836, आंध्र प्रदेश में 7,225 और पंजाब में 6,983 लोगों की मौत हुई। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि जिन लोगों की मौत हुई, उनमें से 70 प्रतिशत से अधिक लोगों को अन्य बीमारियां भी थीं। 

कोरोना वायरस के एक दिन में आने वाले सबसे अधिक मामले पिछले साल सितंबर में आए थे जब 17 सितंबर को संक्रमण के 97,894 मामले आए जिसके बाद भारत में संक्रमण के मामले धीरे-धीरे घटने लगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।