राजस्थान के सलूंबर जिले से एक हैरान कर देने वाली जानकारी सामने आ रही है। यहां एक रहस्यमयी बीमारी के चलते बीते 5 दिनों में 5 बच्चों की मौत हो गई। मृतकों 2 से 4 साल तक के बच्चे शामिल हैं और इनमें दो सगे भाई-बहनों का नाम भी है। बच्चों की मौत के इन मामलों के सामने आने के बाद प्रशासन भी अलर्ट हो गया है। आइए जानते हैं कि अधिकारियों ने इन घटनाओं के बारे में अब तक क्या जानकारी सामने आई है।
क्या है पूरा मामला?
अधिकारियों की ओर से बुधवार को दी गई जानकारी के मुताबिक, रहस्यमयी बीमारी की वजह से मौत के ये मामले लसाड़िया उपखंड के लालपुरा और घाटा गांव में सामने आए हैं। मृत बच्चों में कथित तौर पर बुखार और उल्टी जैसे लक्षण दिखाई दिए थे जिसके बाद 24 घंटे के भीतर ही बच्चों की मौत हो गई। मृतक बच्चों की पहचान लालपुरा गांव के दीपक (4), उसके भाई लक्ष्मण (3) और सीमा (4) के रूप में तथा घाटा गांव के राहुल (4) और काजल (2) के रूप में की गई है। इसके अलावा सलूंबर और उदयपुर के हॉस्पिटलों में 8 अन्य बच्चों का इलाज भी चल रहा है।
गावों का सर्वे किया गया
इन घटनाओं के सामने आने के बाद प्रशासन की ओर से कदम उठाए गए हैं और स्वास्थ्य विभाग की टीमों को नमूने लेने और स्थिति पर नजर रखने के लिए तैनात किया गया है। बीमारी से प्रभावित हुए गावों का सर्वे भी किया गया है। प्रशासन ने कहा है कि जिस व्यक्ति में भी रहस्यमयी बीमारी के लक्षण दिखेंगे उनका इलाज करवाया जाएगा। प्रशासन ने गांव के लोगों से अपील की है कि अगर बच्चों में किसी भी तरह से लक्षण दिखाई देते हैं तो वे उन्हें जल्द से जल्द नजदीक में मौजूद स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाएं। नमूनों को जांच के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। इस बीमारी के बारे में सटीक जानकारी रिपोर्ट आने के बाद ही मिलेगी।
सीएम ने भी लिया संज्ञान
सलूंबर में बच्चों की मौत के मामले का संज्ञान राज्य के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने भी लिया है। उन्होंने विशेषज्ञों की टीम गठित कर मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने जानकारी दी है कि उदयपुर संभाग में करीब 3,690 टीमों द्वारा 52 हजार से अधिक घरों का सर्वेक्षण किया गया है। सर्वेक्षण में इस रोग के लक्षण वाले 275 मरीज मिले हैं। इनमें से 25 मरीजों को इलाज के लिए उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर किया गया है। (इनपुट: भाषा)
ये भी पढ़ें- मां बनी दुष्कर्मी बेटे के खिलाफ मिसाल, कोर्ट ने सुनाई कड़ी सजा; अपने ही छोटे दो भाई की पत्नियों के साथ किया गंदा काम
राजस्थान के इस जिला अस्पताल से 12 लाख के इंजेक्शन हुए गायब, जांच रिपोर्ट में खुलासा