1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. जयपुर बम ब्लास्ट से जुड़ा मामला, कोर्ट ने चार आरोपियों को दोषी ठहराया

जयपुर बम ब्लास्ट से जुड़ा मामला, कोर्ट ने चार आरोपियों को दोषी ठहराया

 Reported By: Manish Bhattacharya, Edited By: Subhash Kumar
 Published : Apr 04, 2025 08:56 pm IST,  Updated : Apr 04, 2025 10:37 pm IST

जयपुर बम ब्लास्ट से जुड़ा मामले में विशेष अदालत ने चार आरोपियों को दोषी ठहराया है। इन सभी को आने वाले 8 अप्रैल को सजा सुनाई जाएगी।

सांकेतिक फोटो।- India TV Hindi
सांकेतिक फोटो। Image Source : ANI

राजस्थान की राजधानी जयपुर में साल 2008 में हुए सिलसिलेवार बम धमाकों से जुड़े एक मामले में एक विशेष अदालत ने शुक्रवार को चार आरोपियों को दोषी ठहराया है। इन दोषियों को आगामी 8 अप्रैल को दोषी  सजा सुनाई जाएगी। ये फैसला बम ब्लास्ट मामलों की विशेष अदालत के जज रमेश कुमार जोशी ने सुनाया है। कोर्ट ने शाहबाज हुसैन, सरवर आजमी, मोहम्मद सैफ और सैफुर्रहमान को दोषी घोषित किया है।

इन धाराओं में दोष साबित

जयपुर बम ब्लास्ट के जिंदा बम मामले में कोर्ट ने बम ब्लास्ट की घटना के 17 साल बाद फैसला सुनाया है। कोर्ट ने सरवर आजमी, शाहबाज, सैफुर्रहमान और मोहम्मद सैफ को भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं, गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत दोषी करार दिया है।

साल 2019 में दिसंबर महीने में निचली अदालत ने जयपुर धमाकों के मामले में सरवर आजमी, मोहम्मद सैफ, मोहम्मद सलमान और सैफुर्रहमान को मौत की सजा सुनाई थी। वहीं, पांचवें आरोपी शाहबाज को संदेह के लाभ में बरी कर दिया गया था। जिन्हें सजा मिली उन्होंने सजा को हाई कोर्ट में चुनौती दी। हाई कोर्ट की एक खंडपीठ ने 29 मार्च, 2023 को चारों को बरी कर दिया और शाहबाज हुसैन को बरी करने के फैसले की भी पुष्टि की।

71 लोगों की हुई थी मौत

दरअसल, यह पूरा मामला 13 मई, 2008 को जयपुर के चांदपोल में मिले बम से जुड़ा है। इस बम को सुरक्षा दस्तों ने डिफ्यूज कर दिया था। 13 मई 2008 को जयपुर शहर में सिलसिलेवार तरीके से कुल आठ बम धमाके हुए थे। इसके बाद नौवां बम चांदपोल बाजार के पास मिला था, जिसे डिफ्यूज कर दिया गया था। जयपुर के माणक चौक खंदा, चांदपोल गेट, बड़ी चौपड़, छोटी चौपड़, त्रिपोलिया गेट, जौहरी बाजार और सांगानेरी गेट पर एक के बाद एक बम फटे थे। इन बम धमाकों में 71 लोगों की जान चली गई थी और 180 अन्य घायल हो गए थे।

ये भी पढ़ें- जयपुर कलेक्ट्रेट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी, बम स्क्वाड और ATS ने चलाया तलाशी अभियान

सीकर में बदमाश को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हुआ जमकर पथराव, 2 SHO समेत 11 पुलिसकर्मी घायल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।