1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. राजस्थान: चेंजिंग रूम में कपड़े बदलते हुए महिलाओं के वीडियो बनाता था शोरूम मालिक का बेटा, पुलिस ने दबोचा

राजस्थान: चेंजिंग रूम में कपड़े बदलते हुए महिलाओं के वीडियो बनाता था शोरूम मालिक का बेटा, पुलिस ने दबोचा

 Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Jun 06, 2026 10:56 pm IST,  Updated : Jun 06, 2026 11:17 pm IST

राजस्थान के झुंझुनूं में एक कपड़े के शोरूम से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिससे शहर में हड़कंप मच गया है। यहां शोरूम मालिक के बेटे पर आरोप हैं कि वह चेंजिंग रूम में कपड़े बदलने वाली महिलाओं के छिपकर वीडियो बनाता था।

Shahrukh Khan- India TV Hindi
आरोपी शाहरुख Image Source : REPORTER INPUT

झुंझनूं: राजस्थान के झुंझुनूं जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां के चिड़ावा शहर के तहसील रोड स्थित एक रेडीमेड कपड़ा शोरूम में महिलाओं की निजता से खिलवाड़ किया गया है। आरोप है कि शोरूम संचालक का बेटा चेंजिंग रूम में किए गए एक छेद के जरिए कपड़े बदल रही महिलाओं के वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड करता था। मामले का खुलासा उस समय हुआ जब कपड़े ट्रायल कर रही एक महिला को वीडियो बनाते समय मोबाइल की घंटी बजने की आवाज सुनाई दी।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपने रिश्तेदार के साथ कपड़े खरीदने के लिए तहसील रोड स्थित जम-जम कलेक्शन शोरूम पर पहुंची थी। कपड़े पसंद आने के बाद उसे ट्रायल के लिए चेंजिंग रूम में भेजा गया। इसी दौरान महिला को संदेह हुआ कि उसकी वीडियो बनाई जा रही है। बाहर आकर उसने परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिजनों ने आरोपी का मोबाइल अपने कब्जे में लेकर पुलिस को सूचना दी। 

सूचना मिलते ही चिड़ावा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी शाहरुख पुत्र शेर मोहम्मद, निवासी पुरानी बस्ती चिड़ावा को हिरासत में लेकर थाने ले गई। महिला की लिखित रिपोर्ट के आधार पर आरोपी को डिटेन कर लिया गया। घटना की खबर शहर में फैलते ही विभिन्न हिंदू संगठनों और व्यापारियों में भारी आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग शोरूम के बाहर एकत्रित हुए और नारेबाजी करते हुए रास्ता जाम कर दिया। 

मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने समझाइश कर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को डिटेन कर लिया गया है तथा शोरूम को जांच के लिए सील कर दिया गया है। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए दुकान और आरोपी के घर के बाहर पुलिसकर्मी तैनात किए है। 

मामले की जांच सुलताना थाना प्रभारी रविंद्र कुमार को सौंपी गई है। वहीं सूत्रों के अनुसार आरोपी के मोबाइल फोन से अन्य वीडियो भी मिलने की बात सामने आ रही है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है।

वहीं मामले को लेकर आरोपी के पिता का बयान भी सामने आया है जिसमें उन्होंने कहा है कि कानून के अनुसार उसे कड़ी सजा मिले। (रिपोर्ट- झुंझुनूं से अमित शर्मा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।