राजस्थान उपनिरीक्षक (SI) भर्ती परीक्षा-2021 पेपर लीक मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। राजस्थान पुलिस की एसओजी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पेपर लीक नेटवर्क के सरगना हर्षवर्धन कुमार मीणा के भाई पुष्पेंद्र कुमार मीणा को गिरफ्तार कर लिया है। एसओजी की जांच में सामने आया है कि आरोेपी पुष्पेंद्र ने परीक्षा से पहले ही अभ्यर्थी बृजेश कुमार मीणा को लीक हुआ सॉल्व्ड पेपर पढ़ा दिया था।
45 लाख रुपये में सौदा
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (एसओजी) विशाल बंसल ने बताया कि एसओजी थाने में दर्ज प्रकरण संख्या 10/2024 की जांच के दौरान खुलासा हुआ कि हर्षवर्धन मीणा ने स्वरूपचंद मीणा से 45 लाख रुपये में सौदा कर उसके पुत्र बृजेश कुमार मीणा को परीक्षा पूर्व लीक पेपर उपलब्ध कराया था। यह पेपर हर्षवर्धन के भाई पुष्पेंद्र कुमार मीणा ने पढ़ाया था।
अभ्यर्थी का नहीं हो पाया था सिलेक्शन
एसओजी की जांच के अनुसार, बृजेश कुमार मीणा को हिंदी विषय में 200 में से 116.23 अंक और सामान्य ज्ञान में 200 में से 126.01 अंक प्राप्त हुए थे, जिससे वह लिखित परीक्षा में सफल हो गया। हालांकि बाद में शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) में असफल रहने के कारण अंतिम चयन नहीं हो सका। बृजेश कुमार मीणा की लिखित परीक्षा 15 सितंबर 2021 को अजमेर में हुई थी। उसे 11 जून 2026 को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि पुष्पेंद्र कुमार मीणा को 14 जून 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। अदालत ने उसे 18 जून 2026 तक पुलिस रिमांड पर भेजा है।
अब तक 146 आरोपियों की गिरफ्तारी
एसओजी के अनुसार, पुष्पेंद्र कुमार मीणा पहले दौसा में फायरमैन चालक के पद पर तैनात रहा है। उसके खिलाफ पहले भी REO-RO भर्ती परीक्षा 2022 में जन्मतिथि में हेराफेरी कर अपनी जगह डमी अभ्यर्थी बैठाकर परीक्षा दिलाने के आरोप में अजमेर के सिविल लाइंस थाने में मामला दर्ज है। इस प्रकरण में अब तक 146 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। एसओजी का कहना है कि पूरे नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच जारी है।
ये भी पढ़ें- RGHS घोटाले में SOG का बड़ा एक्शन, 3 और आरोपी हुए गिरफ्तार; जानें पूरा मामला
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके की जयपुर में पिटाई, भीड़ में पड़े थप्पड़, देखें VIDEO