1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. गजब है! पॉल्यूशन सर्टिफिकेट को लेकर पुलिस ने EV कार का काट दिया चालान, अब जांच शुरू

गजब है! पॉल्यूशन सर्टिफिकेट को लेकर पुलिस ने EV कार का काट दिया चालान, अब जांच शुरू

 Edited By: Akash Mishra
 Published : Apr 10, 2026 04:47 pm IST,  Updated : Apr 10, 2026 04:54 pm IST

राजस्थान के नागौर जिले में ट्रैफिक पुलिस ने एक ईवी कार का चालान काट दिया। मामले के सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया है और जांच भी शुरू हो गई है।

सांकेतिक फोटो- India TV Hindi
सांकेतिक फोटो Image Source : PTI (FILE)

कार या मोटरसाइकल का चालान कटना कोई नई बात नहीं, हर दिन अलग-अलग वजहों को लेकर कई चालान कटते हैं। लेकिन राजस्थान के नागौर जिले से चालान कटने का एक अचंभित कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां ट्रैफिक पुलिस ने कथित तौर पर एक इलेक्ट्रिक कार का प्रदूषण का चालान काट दिया। अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना सात अप्रैल को जिला मुख्यालय क्षेत्र में कृषि मंडी तिराहे पर हुई जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया। अब मामले की जांच शुरू हो गई है।

1700 रुपये का चालान किया

अधिकारियों के अनुसार, यातायात पुलिस के एक सहायक उपनिरीक्षक ने इलेक्ट्रिक कार को रोका और 1700 रुपये का चालान जारी कर दिया, जिसमें प्रदूषण नियंत्रण (पीयूसी) प्रमाणपत्र न होने और कार के शीशों पर काली फिल्म चढ़ी होने का हवाला दिया गया।

वीडियो में चालक यह तर्क देता दिखता है कि इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) के लिए PUC सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं होती, लेकिन पुलिसकर्मी कथित तौर पर यह कहता नजर आता है कि चालान जारी होगा, क्योंकि पीओएस मशीन में पीयूसी प्रदर्शित नहीं हो रहा। 

'चालान गलती से जारी हुआ प्रतीत होता है'

जिला परिवहन अधिकारी अवधेश चौधरी ने कहा कि ईवी के लिए पीयूसी प्रमाणपत्र की आवश्यकता नहीं होती और संबंधित पुलिसकर्मी को इस विषय को ठीक से समझना चाहिए था। यातायात प्रभारी शिवदेव राम ने कहा कि चालान गलती से जारी हुआ प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि मामले की पड़ताल की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

झुंझुनूं में ट्रेलर ने तंबू में सो रहे मजदूरों को कुचला, तीन की मौत और चार घायल

वहीं, झुंझुनूं जिले में शुक्रवार तड़के एक ट्रेलर ने तंबू में सो रहे मजदूरों को कुचल दिया। इस हादसे में दो नाबालिग लड़कियों और एक महिला की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि हादसा गुड़ा गौड़जी थाना क्षेत्र अंतर्गत नांगली निर्वाण गांव में हुआ, जहां दो परिवारों के सदस्य कार्यस्थल पर तंबू लगा कर सो रहे थे। घायल हुए लोगों में तीन को गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया गया है। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया जिसकी तलाश की जा रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।