जयपुर: राजस्थान के जालोर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने पारिवारिक विवाद के कारण अपनी सास पर हमला कर दिया। आरोपी ने कैंची से हमला कर अपनी सास की नाक काट दी। इतना ही नहीं घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी नाक का कटा हुआ हिस्सा लेकर मौके से फरार हो गया। जानकारी के मुताबिक पारिवारिक विवाद के चलते उसकी सास पुलिस से शिकायत करने जा रही थी। इस दौरान रास्ते में ही दामाद ने सास पर हमला कर दिया। फिलहाल पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है।
दरअसल पूरा मामला जालौर जिले के डूंगरी के बंधा गांव का बताया जा रहा है। आरोपी की पहचान सोहनलाल के रूप में की गई है। पुलिस ने बताया कि सोहनलाल का अपनी पत्नी के परिवार से लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों की शादी लगभग छह साल पहले हुई थी। पति-पत्नी पिछले एक साल से अलग रह रहे थे। कई बार समुदाय की तरफ से सुलह कराने का प्रयास किए गया, लेकिन इन सभी प्रयासों के बावजूद विवाद का समाधान नहीं हो पाया था। पुलिस ने बताया कि पिछले कई दिनों से दोनों परिवारों में तनाव था। शनिवार शाम को भी घर पर उनके बीच बहस हुई थी।
पुलिस के मुताबिक शनिवार शाम को पीड़िता केली देवी अपने दामाद सोहनलाल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने स्थानीय थाने जा रही थीं। इसी बीच आरोपी ने सास पर कैंची से हमला कर दिया और उनकी नाक काट दी। पुलिस ने बताया कि घटना के बाद नाक का कटा हुआ हिस्सा लेकर आरोपी मौके से फरार हो गया। फिलहाल सरवाना थाना प्रभारी मोहनलाल ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा, ''परिवार के सदस्य महिला को इलाज के लिए गुजरात के मेहसाणा ले गए हैं। महिला और परिवार के बयान अभी दर्ज नहीं किए गए हैं।''
यह भी पढ़ें-
'एक रुपये में जूते' का ऑफर, कई जिलों से पहुंच गए लोग; पुलिस को करना पड़ा लाठीचार्ज
संपादक की पसंद