नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में एक अचार की फैक्टरी में दर्दनाक हादसा हो गया। यहां नांगलोई इलाके में शनिवार को अचार बनाने की एक फैक्टरी में यह हादसा हुआ। फैक्टरी के अंदर बने अचार के कुएं में गिरने से फैक्टरी मालिक और उनके बेटे की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक अचार बनाने की फैक्टरी एक आवासीय इमारत के बेसमेंट से संचालित की जा रही थी। इस फैक्टरी के मालिक अनिल इसी मकान की पहली मंजिल पर अपने परिवार के साथ रहते थे। जानकारी के मुताबिक एक मजदूर को बचाने के चक्कर में बाप-बेटे की मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक जांच में पता चला है कि फैक्टरी में करीब 10 फुट गहरे चार से पांच कुएं थे, जहां अचार बनाकर रखा जाता था। एक अधिकारी ने बताया, "शनिवार को, एक मजदूर काम के लिए एक कुएं में उतरा था, लेकिन कथित तौर पर दम घुटने के कारण बेहोश हो गया।" पुलिस ने बताया कि मजदूर को गिरता देख फैक्टरी मालिक और उसके दो बेटे नीरज (32) और संदीप (28) भी उसे बचाने के लिए कुएं में उतर गए। पुलिस के मुताबिक अचार के कुएं में उतरने की वजह से ऑक्सीजन की कमी के कारण वे भी बेहोश हो गए।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि शोर-शराबा होने पर अनिल के भाई सुभाष और अन्य स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे। लोगों ने मिलकर सभी को कुएं से बाहर निकाला। पुलिस ने बताया कि मजदूर और संदीप को होश आ गया, जबकि अनिल और उनके बेटे नीरज को होश नहीं आया। आनन-फानन में दोनों को संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि दम घुटने के सही कारण और फैक्टरी में सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया था या नहीं, इसका पता लगाने के लिए एक जांच शुरू कर दी गई है।
यह भी पढ़ें-
महिलाओं के नाम CM योगी की पाती, लिखा- 'नारी का सम्मान समस्त समाज के लिए सर्वोपरि'
संपादक की पसंद