1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. परिवार में चल रही थी शादी की तैयारियां, भरभराकर गिरा तीन मंजिला मकान; सामने आया VIDEO

परिवार में चल रही थी शादी की तैयारियां, भरभराकर गिरा तीन मंजिला मकान; सामने आया VIDEO

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Nov 24, 2025 12:54 pm IST,  Updated : Nov 24, 2025 12:54 pm IST

राजस्थान के जोधपुर शहर में एक तीन मंजिला मकान देखते ही देखते गिर गया। जानकारी के मुताबिक पीड़ित के परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं। फिलहाल इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है।

भरभराकर गिरा तीन मंजिला मकान।- India TV Hindi
भरभराकर गिरा तीन मंजिला मकान। Image Source : REPORTER INPUT

जोधपुर: राजस्थान के जोधपुर में रविवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। यहां भीतरी शहर के व्यस्त सोजती गेट इलाके में तीन मंजिला पुराना मकान अचानक भरभराकर गिर गया। यह इलाका शहर के सबसे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में से एक है। ऐसे में अचानक मकान गिरने से पूरे बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे का लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ ही सेकंड में पूरा ढांचा धूल में बदलता दिखाई देता है।

सभी लोग थे बाहर

मकान मालिक मोहम्मद साबिर ने बताया कि घर में शादी समारोह की तैयारियां चल रही थीं। परिवार की महिलाएं बाजार में खरीदारी के लिए गई हुई थीं और बच्चे उनकी दुकान पर थे। हादसे के समय घर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई। साबिर ने कहा, "यह तो गनीमत रही कि सभी बाहर थे, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।"

कंस्ट्रक्शन से कमजोर हुई नींव

जोधपुर सदर बाजार थाना के सब-इंस्पेक्टर गोवर्धन राम ने बताया कि हादसे के ठीक पास स्थित प्लॉट रमजान खान का है, जहां लंबे समय से विवाद के कारण निर्माण कार्य रुका हुआ था। कुछ दिनों पहले दोबारा काम शुरू किया गया और प्लॉट में जमा काफी मात्रा में मिट्टी हटाई गई। इसी दौरान पास स्थित मोहम्मद साबिर के मकान की नींव कमजोर हो गई और आज यह हादसा हो गया।

मकान मालिक मोहम्मद साबिर ने भी आरोप लगाया कि, "पिछले एक साल से कभी-कभी निर्माण कार्य किया जाता है और कभी रोक दिया जाता है। इस दौरान हमारे मकान की नींव कमजोर हो गई। आज उसी वजह से पूरा ढांचा गिर गया।"

पुलिस ने इलाके को कराया सील

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा के लिहाज से पूरे मार्ग को बंद करवाया। राहत एवं बचाव दल को मौके पर बुलाया गया है ताकि मलबे में किसी के होने की आशंका को पूरी तरह खंगाला जा सके। हालांकि अभी तक किसी घायल या लापता व्यक्ति की सूचना नहीं है। स्थानीय लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए और निर्माण कार्य की अनियमितताओं तथा लापरवाही पर नाराजगी जताई। (इनपुट- चंद्रशेखर व्यास)

यह भी पढ़ें- 

दिल्ली-NCR में सांस लेना मुश्किल, कई इलाकों में AQI 400 पार; हालत खराब

इंडिया गेट पर प्रदूषण के खिलाफ प्रदर्शन, माओवादी हिडमा के समर्थन में लगाए नारे, पुलिस पर पेपर स्प्रे से हमला

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।