1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. पार्क जा रही मां-बेटी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला, महिला की मौत; आरोपी फरार

पार्क जा रही मां-बेटी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला, महिला की मौत; आरोपी फरार

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : May 22, 2026 07:37 am IST,  Updated : May 22, 2026 07:37 am IST

राजस्थान के बारां जिले में एक शख्स ने मां-बेटी पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के समय मां अपनी नाबालिग बेटी के साथ पार्क जा रही थी। वहीं हमले के बाद से आरोपी फरार चल रहा है।

पार्क जा रही मां-बेटी पर हमला।- India TV Hindi
पार्क जा रही मां-बेटी पर हमला। Image Source : REPORTER INPUT

बारां: जिले के अंता कस्बे से कानून-व्यवस्था को तार-तार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां गुरुवार रात पार्क में घूमने जा रही एक महिला और उसकी 16 वर्षीय नाबालिग बेटी को रास्ते में रोककर एक बदमाश ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल महिला ने कोटा के अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, वहीं बेटी की हालत नाजुक बनी हुई है। सरेआम हुई इस वारदात के बाद से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

पार्क में घूमने जाते समय हमला

जानकारी के मुताबिक अंता के क्वासपुरा मोहल्ले की रहने वाली महिला अपनी 16 साल की नाबालिग बेटी के साथ गुरुवार रात करीब 9 बजे पैदल ही खेमजी गार्डन में घूमने के लिए जा रही थीं। इसी दौरान सीसवाली रोड पर घात लगाए बैठे एक बदमाश ने उनका रास्ता रोक लिया। इससे पहले कि मां-बेटी कुछ समझ पातीं, आरोपी ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया। ​चाकूबाजी की इस खौफनाक घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। 

इलाज के दौरान मां की मौत

लहूलुहान हालत में मां-बेटी को देखकर आस-पास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को एक लोडिंग वाहन की मदद से तुरंत अंता अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें कोटा रेफर कर दिया। यहां देर रात इलाज के दौरान मां ने दम तोड़ दिया। उधर, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बदमाश मौके से फरार होने में कामयाब रहा।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

​घटना की सूचना मिलते ही अंता अस्पताल के बाहर भारी संख्या में स्थानीय लोगों और परिजनों की भीड़ जमा हो गई। सरेआम महिलाओं पर हुए इस जानलेवा हमले को लेकर लोगों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ गहरा गुस्सा देखा गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। (इनपुट- राम मेहता)

यह भी पढ़ें-

पुरानी रंजिश में खूनी संघर्ष, दो भाइयों की गोली मारकर हत्या, एक की हालत गंभीर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।