चूरूः राजस्थान के चूरू जिले के सिधमुख थाना क्षेत्र में एक हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है, जहां चैनपुरा छोटा टोल नाके पर एक युवक को बेरहमी से पीटा गया। हमलावरों ने युवक को लोहे की रॉड, हॉकी और तलवार जैसे हथियारों से तब तक पीटा जब तक वह बेहोश नहीं हो गया। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पीड़ित के परिजनों की शिकायत पर सिधमुख थाना पुलिस ने गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थानाधिकारी पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि रतनपुरा निवासी सुभाष जाट (50) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि उसका छोटा भाई बने सिंह 1 जुलाई की रात करीब 11 बजे अपनी पिकअप गाड़ी से सिधमुख की ओर जा रहा था।
युवक को घेरकर बेरहमी से पीटा
रास्ते में चैनपुरा छोटे टोल नाके पर तीन गाड़ियों-दो बोलेरो और एक पिकअप ने उसकी गाड़ी को जानबूझकर टक्कर मारी। आरोप है कि बोलेरो में सवार मनजीत उर्फ बिट्टू (रतनपुरा), कीकर सिंह लुटाना, राकेश कुमार, सचिन उर्फ कालू (चेलाना बास), जयवीर बुंगी और दीपक भामासी समेत अन्य हमलावरों ने उसे घेर लिया और जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया।
बेहोश होने तक युवक को मारते रहे हमलवार
जब बने सिंह जान बचाकर टोल ऑफिस की तरफ भागा, तो हमलावरों ने उसे वहीं पकड़कर बुरी तरह पीटा। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और बेहोश होकर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी उसकी गाड़ी से डेढ़ लाख रुपए नकद, गले से सोने की चेन, घड़ी, गाड़ी की चाबी और जरूरी कागजात लेकर फरार हो गए।
यहां देखें वीडियो
युवक की हालत गंभीर
स्थानीय लोगों की मदद से पीड़ित को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे चूरू रेफर किया गया है। बरहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। खबर लिखे जाने तक आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी थी। वारदात के बाद से आरोपी फरार हैं।
रिपोर्ट- अमित शर्मा, चूरू