श्रावण कृष्ण पक्ष की सप्तमी तिथि के साथ बुध ग्रह कर्क राशि में गोचर करने जा रहे हैं। ज्योतिष के अनुसार बुध के इस राशि परिवर्तन का प्रभाव सभी 12 राशियों पर अलग-अलग पड़ेगा। आइए आचार्य इंदु प्रकाश से जानते हैं बुध गोचर का आपकी राशि पर क्या असर होगा और शुभ फल पाने के लिए कौन सा उपाय करना चाहिए। यहां विस्तार से पढ़िए बुध गोचर 2026 राशिफल।
बुध का गोचर
बुधवार शाम 7 बजकर 40 मिनट पर बुध कर्क राशि में प्रवेश करेंगे और 22 अगस्त की शाम 7 बजकर 32 मिनट तक यहीं पर रहेंगे। उसके बाद सिंह राशि में प्रवेश कर जायेंगे। बुध बुद्धि और वाणी के देवता हैं। बुध के कर्क राशि में इस गोचर का विभिन्न राशि वालों पर क्या असर होगा, बुध उनके किस स्थान पर गोचर करेंगे और उस स्थिति में शुभ फल सुनिश्चित करने के लिये विभिन्न राशि वालों को क्या उपाय करने चाहिए? यहां जानिए...
मेष राशि
मेष राशि वालों बुध आपके चौथे स्थान पर गोचर करेंगे। बुध के इस गोचर से आपको भौतिक सुखों की प्राप्ति होगी। आपको भूमि भवन और वाहन का लाभ मिलेगा, लेकिन ये सब आपको अपनी मेहनत के बल पर ही हासिल होगा। इस दौरान आपको अपने कार्यों में धैर्य बनाकर रखने की आवश्यकता है।
उपाय: 22 अगस्त तक बुध के शुभ फल सुनिश्चित करने के लिये और अशुभ फलों से बचने के लिये केसर का तिलक अपने मस्तक पर लगाएं या फिर थोड़ा सा केसर एक डिब्बी में लेकर आप अपने पास भी रख सकते हैं। इससे आपको शुभ फलों की प्राप्ति होगी।
वृष राशि
वृष राशि वालों बुध आपके तीसरे स्थान पर गोचर करेंगे। बुध के इस गोचर से आपको अपने कामों में भाई बहनों से पूरा सहयोग प्राप्त होगा। उनके साथ आपके रिश्ते बेहतर बने रहेंगे और आपके सारे काम बनेंगे। आप दूसरों को अपनी बातें समझाने में और अपनी बातों से दूसरों को प्रभावित करने में सफल होंगे। इस दौरान आपको आर्थिक रूप से फायदा मिलेगा।
उपाय: 22 अगस्त तक सुबह उठकर फिटकरी से अपने दांत साफ करें। इससे आपको फायदा मिलेगा।
मिथुन राशि
मिथुन राशि वालों बुध आपके दूसरे स्थान पर गोचर करेंगे। बुध के इस गोचर से आपको अपनी मेहनत का उचित फल प्राप्त होगा। आपको आर्थिक रूप से लाभ मिल सकता है। इसके अलावा 22 अगस्त तक आपकी बौद्धिक क्षमता ठीक रहेगी। आपको नई चीजें सीखने को मिलेंगी। इस दौरान आपके शत्रु भी आपसे दूर ही रहेंगे।
उपाय: बुध के शुभ फल सुनिश्चित करने के लिये और अशुभ फलों से बचने के लिये अपने पास चांदी की कोई चीज रखें। इससे आपको आर्थिक रूप से अच्छा फायदा मिलेगा।
कर्क राशि
कर्क राशि वालों बुध आपके पहले स्थान पर गोचर करेंगे। बुध के इस गोचर से आपको राजा के समान सुख प्राप्त होगा। इस दौरान आपको अपनी संतान के द्वारा किये गये कामों पर भी विशेष ध्यान बनाकर रखना चाहिए। इस दौरान आपको अपनी जीभ के स्वाद पर भी कंट्रोल बनाकर रखना चाहिए।
उपाय: 22 अगस्त तक जब भी आपको मौका मिले, हरे रंग की चीजें मन्दिर में दान करें।
सिंह राशि
सिंह राशि वालों बुध आपके बारहवें स्थान पर गोचर करेंगे। बुध के इस गोचर के प्रभाव से आप अपना काम बनाने के लिये झूठ का सहारा ले सकते हैं। आपको शैय्या सुख पाने के लिये कोशिश करनी होगी। साथ ही आपको अपनी आमदनी भी संभलकर खर्च करनी चाहिए। आजीविका में कुछ उतार चढ़ाव बन सकते हैं।
उपाय: बुध के अशुभ फलों से बचने के लिये और शुभ फल सुनिश्चित करने के लिये 22 अगस्त तक अपने गले में पीले रंग का धागा पहनना चाहिए। इससे आपकी पैसों की स्थिति में सुधार आयेगा।
कन्या राशि
कन्या राशि वालों बुध आपके ग्यारहवें स्थान पर गोचर करेंगे। बुध के इस गोचर से आपकी आमदनी में बढ़ोतरी होगी। आपको अचानक से धन लाभ का मौका मिलेगा। अगर आपकी कोई इच्छा बहुत दिनों से पूरी नहीं है, तो वो भी इस दौरान पूरी हो जायेगी। आपको हर तरह के सुख साधनों की प्राप्ति होगी। आपकी संतान को भी इस दौरान पढ़ाई का लाभ मिलेगा।
उपाय: 22 अगस्त तक गले में तांबे का पैसा धारण करें। इससे आपको मिलने वाले लाभ में कई गुना बढ़ोतरी हो जायेगी।
तुला राशि
तुला राशि वालों बुध आपके दसवें स्थान पर गोचर करेंगे। बुध के इस गोचर से आपको करियर में कुछ दिक्कतें आ सकती हैं। आपके पिता के करियर की गति भी इस बीच कुछ थम-सी जायेगी। इस दौरान आपको अपनी और अपने पिता की सेहत का ख्याल रखना चाहिए। आपको खान-पान के मामले में भी लापरवाही बरतने से बचना चाहिए।
उपाय: बुध के अशुभ फलों से बचने के लिये और शुभ फल सुनिश्चित करने के लिये 22 अगस्त तक आपको मां दुर्गा की उपासना करनी चाहिए। हो सके तो इस दौरान दुर्गा सप्तशती का पाठ भी करना चाहिए।
वृश्चिक राशि
वृश्चिक राशि वालों बुध आपके नवें स्थान पर गोचर करेंगे। बुध के इस गोचर से आपको अपने भाग्य का साथ मिलेगा। आप जितनी मेहनत करेंगे, उसका पूरा-पूरा फल आपको मिलेगा। 22 अगस्त तक आपकी सेहत भी ठीक-ठाक बनी रहेगी। साथ ही इस दौरान आपकी आर्थिक स्थिति भी ठीक बनी रहेगी।
उपाय: बुध के शुभ फल सुनिश्चित करने के लिये और अशुभ फलों से बचने के लिये इस दौरान हरे रंग की चीजों को उपयोग में लाने से बचना चाहिए। इससे आपको केवल शुभ फलों की ही प्राप्ति होगी।
धनु राशि
धनु राशि वालों बुध आपके आठवें स्थान पर गोचर करेंगे। बुध के इस गोचर से आपकी सेहत अच्छी बनी रहेगी। आप शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहेंगे। आप किसी नये विषय पर अच्छे से सोच पायेंगे और अपना काम भी ठीक ढंग से कर पायेंगे। आपको अपनी मेहनत का अच्छा रिजल्ट जल्द ही मिलेगा।
उपाय: बुध के शुभ फलों को सुनिश्चित करने के लिये बुधवार के दिन मिट्टी के बर्तन में पिसी हुई शक्कर डालकर घर से दूर कहीं विराने में दबा दें। इससे आपका स्वास्थ्य अच्छा बना रहेगा।
मकर राशि
मकर राशि वालों बुध आपके सातवें स्थान पर गोचर करेंगे। आपको अपने रिश्ते को संभालकर रखने की जरूरत है। साथ ही अपने जीवनसाथी का ख्याल भी रखना चाहिए।
उपाय: बुध के शुभ फल सुनिश्चित करने के लिये और अशुभ फलों से बचने के लिये बुधवार के दिन पानी में भिगे हुए हरे मूंग को मन्दिर में दान करें। इससे जीवनसाथी के साथ रिश्तों में नरमी आयेगी।
कुंभ राशि
कुंभ राशि वालों बुध आपके छठे स्थान पर गोचर करेंगे। बुध के इस गोचर से आपको मित्रों का भरपूर सहयोग प्राप्त होगा और शत्रु आपके करीब भी नहीं आयेंगे। आप खुले दिल वाले होंगे और आपके मुंह से निकले शब्द दूसरों को हर समय प्रभावित करेंगे। धैर्य आपकी सारी परेशानियों का हल निकाल देगा। इस दौरान प्रिंटिंग, प्रेस और कागज, कलम से जुड़े लोगों को भी अच्छा फायदा मिलेगा।
उपाय: बुध के शुभ फल सुनिश्चित करने के लिये कोई भी शुभ कार्य शुरू करने से पहले किसी कन्या का आशीर्वाद जरूर लें और हो सके तो उन्हें कुछ गिफ्ट भी दें। इससे आपके सभी कार्य अच्छे से सम्पन्न होंगे।
मीन राशि
मीन राशि वालों बुध आपके पांचवें स्थान पर गोचर करेंगे। बुध का यह गोचर आपको विद्या का लाभ दिलायेगा। पढ़ाई-लिखाई में आपका मन लगेगा। गुरु से भी उचित सहयोग प्राप्त होगा। साथ ही लवमेट के साथ आपके रिश्ते बेहतर रहेंगे। आपको सभी शुभ फल सामान्य रूप से प्राप्त होते रहेंगे।
उपाय: बुध के शुभ फल सुनिश्चित करने के लिये और किसी भी प्रकार की अशुभ स्थिति से बचने के लिये गाय की सेवा करें। आपको अच्छे फल ही प्राप्त होंगे।
(आचार्य इंदु प्रकाश देश के जाने-माने ज्योतिषी हैं, जिन्हें वास्तु, सामुद्रिक शास्त्र और ज्योतिष शास्त्र का लंबा अनुभव है। इंडिया टीवी पर आप इन्हें हर सुबह 7.30 बजे भविष्यवाणी में देखते हैं।)
ये भी पढ़ें: सावन में बन रहा महालक्ष्मी राजयोग का शुभ संयोग, मंगल-चंद्रमा की युति से चमकेगी 3 राशियों की किस्मत