इस साल हरतालिका तीज कई शुभ संयोग की बीच मनाई जाएगी। 14 सितंबर को सुहागिन महिलाएं अखंड सौभाग्य के लिए निर्जला व्रत रखेंगी। यह व्रत भगवान शिव और माता पार्वती को समर्पित है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, हरतालिका शब्द, हरत व आलिका से मिलकर बना है, जिसका अर्थ क्रमश है हरण व स्त्रीमित्र (सहेली) होता है। हरतालिका तीज की पौराणिक कथा के अनुसार, पार्वतीजी की सहेलियां उनका हरण कर उन्हें घने जंगल में ले गई थीं। ताकि पार्वतीजी की इच्छा के विरुद्ध उनके पिता उनका विवाह भगवान विष्णु से न कर दें। हरतालिका तीज का व्रत करने से पति की आयु लंबी और दांपत्य जीवन सुखमय होता है। इस साल शुभ संयोग के बीच हरतालिका तीज का व्रत रखा जाएगा। तो आइए जानते हैं शुभ योग और पूजा मुहूर्त के बारे में।
हरतालिका तीज 2026 शुभ योग
इस साल हरतालिका तीज के दिन गणेश चतुर्थी और सोमवार का शुभ संयोग बन रहा है। बता दें कि गणपति जी के जन्मोत्सव को गणेश चतुर्थी के रूप में मनाया जाता है। इस दिन से ही 10 दिवसीय गणपति उत्सव का आरंभ होता है जिसका समापन अनंत चतुर्दशी के दिन होता है। हरतालिका तीज के दिन भी सबसे पहले गणेश जी पूजा की जाती है। वहीं सोमवार का दिन भगवान शिव को समर्पित है। ऐसे में हरतालिका तीज के दिन सोमवार और गणेश चतुर्थी का दुर्लभ संयोग अत्यंत पुण्य फलों वाला माना जा रहा है। हरतालिका तीज 2026 पर ब्रह्म योग, इंद्र योग और रवि योग का शुभ योग भी रहेगा।
हरतालिका तीज 2026 शुभ मुहूर्त
पंचांग के अनुसार, भाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि का समापन 14 सितंबर को सुबह 7 बजकर 6 मिनट पर होगा। इस दिन प्रातःकाल हरतालिका पूजा मुहूर्त सुबह 6 बजकर 26 मिनट से सुबह 7 बजकर 6 मिनट तक रहेगा। ब्रह्म मुहूर्त सुबह 4 बजकर 52 मिनट से सुबह 5 बजकर 39 मिनट तक रहेगा। अभिजित मुहूर्त दोपहर 12 बजकर 9 मिनट से दोपहर 12 बजकर 58 मिनट तक रहेगा।
हरतालिका तीज 2026 प्रदोष मुहूर्त
हरतालिका तीज पर प्रदोष काल पूजा का मुहूर्त शाम 5 बजकर 54 मिनट से रात 8 बजकर 22 मिनट तक रहेगा। बता दें कि प्रदोष काल हरतालिका तीज की पूजा के लिए सर्वोत्तम माना जाता है।
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)
यह भी पढ़ें:
अगर विवाह में हो रही देरी तो हरतालिका तीज के दिन आजमाएं ये उपाय, हर विघ्न-बाधाएं होगी दूर