नवरात्रि का सातवां दिन मां कालरात्रि को समर्पित हैं। देवी का यह रूप दुष्ट शक्तियों का नाश करने और भक्तों को भय से मुक्ति दिलाने वाला माना जाता है। सनातन धर्म की मान्यताओं के अनुसार, मां कालरात्रि की पूजा में कुछ खास रंगों और फूलों का विशेष महत्व है। आइए जानते हैं कि मां कालरात्रि को कौन सा रंग और फूल प्रिय है और उन्हें किस चीज का भोग लगाना शुभ माना जाता है।
मां कालरात्रि का स्वरूप
मां कालरात्रि को मां दुर्गा का उग्र और शक्तिशाली स्वरूप माना जाता है। उनका स्वरूप देखने में भले ही भय उत्पन्न करने वाला हो, लेकिन वे अपने भक्तों के लिए कल्याणकारी और रक्षक हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, देवी अपने भक्तों को नकारात्मक शक्तियों और भय से बचाती हैं। उनकी उपासना से जीवन में साहस और आत्मविश्वास बढ़ता है। साथ ही, कार्यों में आने वाली बाधाओं को दूर करने के लिए भी मां कालरात्रि की आराधना की जाती है।
मां कालरात्रि का प्रिय रंग
नवरात्रि के सातवें दिन नीला, ग्रे और स्लेटी रंग पहनना शुभ माना जाता है। मान्यता है कि ये रंग शक्ति, स्थिरता और सकारात्मकता के प्रतीक हैं। इस दिन भक्त इन रंगों के वस्त्र पहनकर मां कालरात्रि की पूजा कर सकते हैं। हालांकि, पूजा में श्रद्धा और भक्ति को सबसे अधिक महत्व दिया जाता है।
मां कालरात्रि को चढ़ाएं ये फूल
मां कालरात्रि नवरात्रि की सातवीं शक्ति हैं, जिनकी पूजा में चमेली के फूल अर्पित करने की परंपरा प्रचलित है। भक्त अपनी श्रद्धा के अनुसार गुड़हल या अन्य सुगंधित फूल भी देवी के चरणों में चढ़ा सकते हैं। पूजा के दौरान स्वच्छता का ध्यान रखें और पूरे मन से मां की आराधना करें।
मां कालरात्रि का भोग
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां कालरात्रि को गुड़ विशेष प्रिय है। इसलिए नवरात्रि के सातवें दिन देवी को गुड़, गुड़ का हलवा, गुड़ की खीर या मालपुआ अर्पित किया जा सकता है। भोग लगाने के बाद प्रसाद परिवार के सदस्यों में बांटें। मान्यता है कि मां को गुड़ का भोग लगाने से जीवन में सुख-समृद्धि आती है और कष्टों से मुक्ति मिलती है।
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)
ये भी पढ़ें: क्या घर के पौधे भी बदल सकते हैं आपकी किस्मत? वास्तु में इन पौधों को माना गया है शुभ